दहगवां में अखिलेश यादव ने ओमकार सिंह यादव को दी श्रद्धांजलि, भाजपा सरकार पर बोला हमला
पूर्व मंत्री व पांच बार के विधायक ओमकार सिंह के परिवार के साथ बैठे अखिलेश यादव, शोक व्यक्त करते हुए
जागरण मोर्चा कार्यालय
बदायूं। समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव गुरुवार को जिले के दहगवां स्थित राव फार्म हाउस पहुंचे, जहां उन्होंने पूर्व मंत्री स्वर्गीय ओमकार सिंह यादव को श्रद्धांजलि अर्पित की। इस दौरान उन्होंने शोक संतप्त परिजनों से मुलाकात कर गहरी संवेदनाएं व्यक्त कीं और दिवंगत नेता के योगदान को याद किया।
अखिलेश यादव ने कहा कि ओमकार सिंह यादव ने समाजवादी विचारधारा को मजबूत करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई थी और उनका जाना पार्टी के लिए अपूरणीय क्षति है। उन्होंने परिवार को हर संभव सहयोग का भरोसा भी दिलाया।
श्रद्धांजलि अर्पित करने के बाद मीडिया से बातचीत करते हुए अखिलेश यादव ने प्रदेश की भाजपा सरकार पर जमकर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि प्रदेश में कानून-व्यवस्था की स्थिति लगातार बिगड़ रही है और सरकार वास्तविक मुद्दों से जनता का ध्यान भटकाने का काम कर रही है। उन्होंने नाम परिवर्तन की राजनीति पर सवाल उठाते हुए कहा कि इससे न तो रोजगार मिलेगा और न ही विकास होगा।
गंगा एक्सप्रेसवे और इथेनॉल नीति को लेकर भी उन्होंने सरकार की नीतियों पर प्रश्न खड़े किए। उन्होंने आरोप लगाया कि योजनाओं का सही क्रियान्वयन नहीं हो रहा है और किसानों व आम जनता को अपेक्षित लाभ नहीं मिल पा रहा है।
राम मंदिर में चढ़ावे को लेकर उठे सवालों पर भी अखिलेश यादव ने प्रतिक्रिया दी। उन्होंने कहा कि धार्मिक आस्था से जुड़े मामलों में पूरी पारदर्शिता होनी चाहिए और जनता का विश्वास बनाए रखना सरकार की जिम्मेदारी है।
उन्होंने यह भी दावा किया कि प्रदेश की जनता अब बदलाव चाहती है और आने वाले समय में पीडीए (पिछड़ा, दलित और अल्पसंख्यक) के गठबंधन की सरकार बनाने का निर्णय जनता स्वयं करेगी।
इस दौरान समाजवादी पार्टी के कई वरिष्ठ नेता, पदाधिकारी और बड़ी संख्या में कार्यकर्ता मौजूद रहे। अखिलेश यादव के दौरे को लेकर प्रशासन भी पूरी तरह सतर्क नजर आया और सुरक्षा के व्यापक इंतजाम किए गए।




