पेड़ से लटका मिला 36 वर्षीय युवक का शव, क्षेत्र में सनसनी
पेड़ पर लटके मिलने शव की सूचना के बाद मौके पर मौजूद पुलिसकर्मी व लगी भीड़
जागरण मोर्चा कार्यालय
बीसलपुर। रामलीला रेलवे क्रॉसिंग के पास बुधवार को एक 36 वर्षीय युवक का शव संदिग्ध परिस्थितियों में यूकेलिप्टस के पेड़ पर लटका मिलने से अफरा-तफरी मच गई। सूचना मिलते ही बीसलपुर कोतवाल संजीव शुक्ला पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और घटनास्थल का जायजा लिया।
स्थानीय लोगों ने रेलवे क्रॉसिंग के पास पेड़ पर शव लटका देख तुरंत पुलिस को सूचना दी। खबर फैलते ही मौके पर भीड़ जमा हो गई। मृतक की पहचान मोहल्ला दुर्गा प्रसाद निकट वन विभाग, बीसलपुर निवासी बाबूराम (36) पुत्र गेदनलाल के रूप में हुई है। घटना की खबर मिलते ही परिजन भी मौके पर पहुंच गए, जिससे परिवार में चीख-पुकार मच गई।
पुलिस ने शव को पेड़ से नीचे उतरवाकर कब्जे में लिया और पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। कोतवाल संजीव शुक्ला ने बताया कि मामले की गहराई से जांच की जा रही है। मौत की असली वजह आत्महत्या या अन्य कोई कारण पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही स्पष्ट हो सकेगी। फिलहाल पुलिस सभी संभावित पहलुओं से मामले की छानबीन कर रही है। वहीं इस घटना से मृतक के परिवार में कोहराम मचा हुआ है।





