बिसौली तहसील में अधिवक्ताओं और नायब तहसीलदार में तकरार, धरने के बाद शांत हुआ विवाद
अभद्र भाषा के आरोप पर अधिवक्ताओं का प्रदर्शन, एसडीएम के आश्वासन पर खत्म हुआ धरना
जागरण मोर्चा कार्यालय
बिसौली। तहसील परिसर में सोमवार को अधिवक्ताओं और नायब तहसीलदार मो. हारिस के बीच हुए विवाद ने कुछ समय के लिए तनावपूर्ण माहौल पैदा कर दिया। अधिवक्ताओं का आरोप है कि बातचीत के दौरान नायब तहसीलदार ने अभद्र भाषा का प्रयोग किया, जिससे अधिवक्ताओं में नाराजगी फैल गई और देखते ही देखते मामला गरमा गया।
घटना से आक्रोशित अधिवक्ताओं ने तहसील परिसर में विरोध प्रदर्शन शुरू कर दिया और नारेबाजी करते हुए एसडीएम कार्यालय के सामने बरामदे में दरी बिछाकर धरने पर बैठ गए। अधिवक्ताओं ने प्रशासन से नायब तहसीलदार के खिलाफ कार्रवाई की मांग की। इस दौरान तहसील परिसर में काफी देर तक गहमागहमी और हलचल बनी रही।
सूचना मिलने पर एसडीएम प्रियंका गोयल मौके पर पहुंचीं और दोनों पक्षों की बात गंभीरता से सुनी। उन्होंने आपसी संवाद के माध्यम से विवाद को सुलझाने का प्रयास किया, जिसके बाद स्थिति सामान्य हो सकी। एसडीएम के आश्वासन पर अधिवक्ताओं ने धरना समाप्त कर दिया।
हालांकि अधिवक्ताओं ने चेतावनी दी कि यदि भविष्य में इस प्रकार की घटना दोहराई गई तो वे आंदोलन करने को मजबूर होंगे। धरना प्रदर्शन में बार एसोसिएशन के अध्यक्ष अल्ताफ हुसैन सहित बड़ी संख्या में अधिवक्ता मौजूद रहे।





