भाजपा संगठन की मजबूती पर मंथन, बरेली परिक्षेत्र की बैठक में जुटे जनप्रतिनिधि
महामंडलेश्वर एवं बरखेड़ा विधायक स्वामी प्रवक्तानंद महाराज हुए शामिल, संगठन महामंत्री धर्मपाल सिंह ने दिया मार्गदर्शन
जागरण मोर्चा, कार्यालय
पीलीभीत। भारतीय जनता पार्टी के संगठनात्मक विस्तार और आगामी कार्यक्रमों की रणनीति को लेकर सोमवार को बरेली में आयोजित परिक्षेत्र स्तरीय महत्वपूर्ण बैठक में बरखेड़ा विधायक एवं महामंडलेश्वर स्वामी प्रवक्तानंद महाराज ने सहभागिता की। बैठक में संगठन को और अधिक सशक्त बनाने, बूथ स्तर तक सक्रियता बढ़ाने तथा आगामी अभियानों को प्रभावी ढंग से संचालित करने पर विस्तार से चर्चा की गई।
बैठक के मुख्य अतिथि भाजपा के उत्तर प्रदेश संगठन महामंत्री धर्मपाल सिंह रहे। उन्होंने संगठन के पदाधिकारियों और जनप्रतिनिधियों को संबोधित करते हुए पार्टी की रीति-नीति, संगठनात्मक अनुशासन और जनसंपर्क को और अधिक मजबूत बनाने पर बल दिया। उन्होंने कार्यकर्ताओं से समाज के अंतिम व्यक्ति तक सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ पहुंचाने के लिए सक्रिय भूमिका निभाने का आह्वान किया।
बैठक में केंद्रीय राज्य मंत्री बी.एल. वर्मा, प्रदेश उपाध्यक्ष दुर्विजय सिंह शाक्य, क्षेत्रीय अध्यक्ष पूरनलाल लोधी, क्षेत्रीय महामंत्री राकेश मिश्र ‘अनावा’, सांसद छत्रपाल गंगवार, विधायक बाबूराम पासवान, विधायक विवेक वर्मा, विधायक हरिप्रकाश वर्मा, भाजपा जिलाध्यक्ष गोकुल प्रसाद मौर्य सहित बरेली परिक्षेत्र के अनेक जनप्रतिनिधि एवं वरिष्ठ पदाधिकारी उपस्थित रहे।
बैठक के बाद बरखेड़ा विधायक एवं महामंडलेश्वर स्वामी प्रवक्तानंद महाराज ने कहा कि संगठन की मजबूती ही भाजपा की सबसे बड़ी शक्ति है। कार्यकर्ताओं के समर्पण और संगठनात्मक एकजुटता के बल पर पार्टी लगातार जनसेवा के नए आयाम स्थापित कर रही है। उन्होंने कहा कि बैठक में प्राप्त मार्गदर्शन आगामी संगठनात्मक कार्यक्रमों और जनसंपर्क अभियानों को और अधिक प्रभावी बनाने में उपयोगी सिद्ध होगा।
बैठक में संगठन के विस्तार, कार्यकर्ताओं की सक्रिय भागीदारी और आगामी कार्यक्रमों की रूपरेखा पर भी विचार-विमर्श किया गया। उपस्थित नेताओं ने संगठन को बूथ स्तर तक और अधिक सुदृढ़ बनाने तथा सरकार की उपलब्धियों को आमजन तक पहुंचाने के लिए समन्वित प्रयास करने का संकल्प लिया।





