मेडिकल परीक्षण के नाम पर सात हजार रुपये मांगने का आरोप, पिता का वीडियो वायरल
जागरण मोर्चा कार्यालय
उसावां। दूसरे समुदाय के युवक द्वारा बहला-फुसलाकर ले जाई गई नाबालिग किशोरी के चिकित्सीय परीक्षण को लेकर उसके पिता ने गंभीर आरोप लगाए हैं। पिता का एक वीडियो इंटरनेट मीडिया पर वायरल हो रहा है, जिसमें वह ड्यूटी पर तैनात चिकित्सकों पर मेडिकल परीक्षण में आनाकानी करने, धमकाने और सात हजार रुपये मांगने का आरोप लगा रहा है। पीड़ित पिता ने थाना पुलिस को शिकायती पत्र देकर मामले में कार्रवाई की मांग की है।
जानकारी के अनुसार, थाना क्षेत्र के एक गांव निवासी नाबालिग किशोरी को गत सोमवार को भदेली गांव निवासी सैजान पुत्र सन्नू खां बहला-फुसलाकर अपने साथ ले गया था। किशोरी के पिता ने मामले की तहरीर थानाध्यक्ष राजेंद्र सिंह को दी थी। पुलिस ने तत्काल प्राथमिकी दर्ज कर किशोरी की बरामदगी के प्रयास शुरू कर दिए। पुलिस ने सक्रियता दिखाते हुए दो दिन बाद किशोरी को महाराष्ट्र से बरामद कर लिया।
बताया गया कि 22 अगस्त को पुलिस किशोरी को चिकित्सीय परीक्षण के लिए अस्पताल लेकर पहुंची। किशोरी के पिता का आरोप है कि ड्यूटी पर तैनात चिकित्सकों ने मेडिकल परीक्षण करने में आनाकानी की। आरोप है कि चिकित्सकों ने किशोरी को मेडिकल न कराने के लिए समझाया और पिता को धमकी दी कि यदि मेडिकल कराया तो उसे ही जेल भिजवा दिया जाएगा। इसके बाद चिकित्सीय परीक्षण के नाम पर सात हजार रुपये की मांग किए जाने का भी आरोप लगाया गया है।
वायरल वीडियो में किशोरी के पिता एक चिकित्सक पर आरोपी पक्ष से संपर्क रखने का आरोप भी लगा रहे हैं। उनका कहना है कि संबंधित चिकित्सक आरोपी युवक के समुदाय से है और उसने मेडिकल न कराने के लिए उन्हें धमकाया। हालांकि, पिता ने चिकित्सक का नाम स्पष्ट रूप से नहीं बताया है।
पीड़ित पिता ने थाना पुलिस को शिकायती पत्र देकर पूरे मामले की जांच कर आरोपों की पुष्टि होने पर संबंधित लोगों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है। पुलिस का कहना है कि शिकायत की जांच की जा रही है। जांच के बाद तथ्यों के आधार पर कार्रवाई की जाएगी।




