रक्षाबंधन बना घर लौट रहे दंपति से बदमाशों ने की लूटपाट
ग्रामीणों ने एक बदमाश को पकड़ पुलिस को सौपा
थाना कुढफतेहगढ़ क्षेत्र के आसफपुर -बिलारी मार्ग पर हुई घटना
जागरण मोर्चा, कार्यालय
चंदौसी। थाना कुढफतेहगढ़ क्षेत्र के आसफपुर -बिलारी मार्ग पर शुक्रवार की रात बाइक सवार दंपति को बदमाशों ने तमंचे की नोंक पर लूट लिया। बदमाशों ने मारपीट कर दंपति से नगदी, जेवर, स्मार्ट फोन लूट लिया। इस दौरान ग्रामीण मौके पर पहुंच गए और नशे में धुत्त एक बदमाश को पकड़ लिया। जिसे पुलिस को सौंप दिया। दंपति ने घटना की तहरीर थाने में दी है।
जनपद बदायूं के थाना फैजगंज बेहटा के गांव कोरारा निवासी सोनू अपनी पत्नी अंशु के साथ शुक्रवार को थाना बिलारी के गांव सायपुर अपनी ससुराल राखी बंधवाने गया था। वह ससुराल से शाम को अपने गांव जाने के लिए निकला। रात 8:30 बजे करीब जब वह थाना क्षेत्र के आसफपुर -बिलारी मार्ग पर बिजली घर के पास पहुंचा। तो वहां चार बदमाशों ने डंडा फेंक कर उसकी बाइक रोक ली। तमंचा सोनू की कनपटी पर लगा दिया इसके बाद बदमाशों ने उससे 5 हजार रुपए की नगदी व स्मार्टफोन लूट लिया जबकि पत्नी अंशु से लौंग, पायल, सोने की लर, दो अंगूठियां, चांदी का गुच्छा, सोने की तबाजिया और कुंडल छीन लिए। कान से कुंडल खींचने के कारण अंशु गंभीर रूप से घायल हो गई । लूट के दौरान दंपति से मारपीट भी की गई । ग्रामीणों ने जब शोर सुना तो वह वहां पहुंच गए । सभी बदमाश भाग गए लेकिन एक बदमाश शराब के नशे में नहीं भाग पाया जिससे ग्रामीणों ने पकड़ लिया। बाद में उसे पुलिस के हवाले कर दिया।
सूचना मिलने पर लेपर्ड पुलिस मौके पर पहुंची और ग्रामीणों ने पकड़े गए बदमाश को पुलिस को सौंप दिया। रात 11:30 बजे तक थाने पर दंपति और ग्रामीणों की भीड़ लगी रही। थाना प्रभारी जितेंद्र कुमार वर्मा ने बताया कि दंपति के साथ जेवर लूटने की घटना संज्ञान में आई है। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर ग्रामीणों द्वारा पकड़े गए आरोपी से पूछताछ शुरू कर दी है और उसके अन्य साथियों की तलाश की जा रही है। पुलिस ने क्षेत्र में सर्च ऑपरेशन भी चलाया, लेकिन अभी सफलता नहीं मिली है। भाई घायल महिला अंशु का सरकारी अस्पताल में उपचार कराया गया उसके कान में टांके लगाए गए।





