राजेश कोरी की अंत्येष्टि में जाने से रोके कांग्रेस जिलाध्यक्ष, आवास पर किया सत्याग्रह
हाईकोर्ट के जज से न्यायिक जांच, हत्या की एफआईआर और एक करोड़ रुपये मुआवजे की मांग
अजीत यादव बोले-इस सरकार में दलित-पिछड़े सुरक्षित नहीं
जागरण मोर्चा कार्यालय
बदायूं। दातागंज कोतवाली में पुलिस हिरासत में हुई दलित युवक राजेश कोरी की मौत के मामले में कांग्रेस ने सरकार और पुलिस प्रशासन के खिलाफ मोर्चा खोल दिया है। शनिवार को राजेश कोरी के दाह संस्कार में शामिल होने जा रहे कांग्रेस जिलाध्यक्ष अजीत यादव को पुलिस ने नेकपुर स्थित उनके आवास पर रोककर हाउस अरेस्ट कर लिया। इससे आक्रोशित अजीत यादव अपने आवास पर ही सत्याग्रह पर बैठ गए। दोपहर करीब दो बजे नायब तहसीलदार सृजन यादव सत्याग्रह स्थल पर पहुंचे और राज्यपाल को संबोधित ज्ञापन लिया।
ज्ञापन में कांग्रेस जिलाध्यक्ष ने राजेश कोरी की मौत की हाईकोर्ट के जज से न्यायिक जांच कराने, मामले में हत्या की एफआईआर दर्ज करने और मृतक के परिजनों को एक करोड़ रुपये मुआवजा दिए जाने की मांग की। उन्होंने कहा कि पुलिस हिरासत में हुई मौत की निष्पक्ष जांच के बिना सच्चाई सामने नहीं आ सकती।
सत्याग्रह के दौरान अजीत यादव ने कहा कि योगी सरकार में दलित और पिछड़े सुरक्षित नहीं हैं। राजेश कोरी की मौत की जिम्मेदारी सरकार और पुलिस प्रशासन की है। उन्होंने आरोप लगाया कि पुलिस मौत को स्वाभाविक बताकर मामले में लीपापोती करने का प्रयास कर रही है, जबकि परिजनों ने पुलिस प्रशासन पर गंभीर आरोप लगाए हैं।
उन्होंने कहा कि कांग्रेस राजेश कोरी को न्याय दिलाने के लिए संघर्ष करेगी। पुलिस हिरासत में हुई मौत के मामले में तत्काल हत्या की रिपोर्ट दर्ज कराई जानी चाहिए और पीड़ित परिवार को एक करोड़ रुपये का मुआवजा दिया जाना चाहिए। उन्होंने यह भी बताया कि मामले की जानकारी कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष अजय राय को फोन पर दी गई है और उनसे बदायूं आने का अनुरोध किया गया है। अजीत यादव के मुताबिक प्रदेश अध्यक्ष ने जल्द अटसेना गांव पहुंचकर राजेश के परिजनों से मुलाकात करने का आश्वासन दिया है।
अजीत यादव ने आरोप लगाया कि उन्हें लगातार हाउस अरेस्ट किया जा रहा है और मृतक की अंत्येष्टि में शामिल होने से भी रोका गया। उन्होंने कहा कि विपक्ष की आवाज को पुलिस के बल पर दबाने का प्रयास किया जा रहा है, लेकिन वह इससे पीछे हटने वाले नहीं हैं और जनता की आवाज उठाते रहेंगे।
सत्याग्रह स्थल पर कांग्रेस नेताओं ने बिसौली क्षेत्र के राजा की सीकरी गांव में डॉ. भीमराव आंबेडकर की प्रतिमा को लेकर हुए विवाद का मुद्दा भी उठाया। जिला उपाध्यक्ष बफाती मियां और दीपक मिश्रा ने कहा कि कांग्रेस दलित समाज के साथ खड़ी है। जिला सचिव राजीव पटेल और मोरध्वज लोधी ने मांग की कि जिस स्थान से आंबेडकर की प्रतिमा हटाई गई, उसी स्थान पर उसे स्थापित किया जाए।
इस दौरान बफाती मियां, दीपक मिश्रा, साजिद खान, शहजादा रिजवान, राजीव पटेल, मोरध्वज लोधी, मंजेश यादव, अरविंद यादव, बन्ने खान, सुरेंद्र सिंह, टिंकू यादव, अकरम खान, नहीम अंसारी, विपिन यादव, शहरु समेत बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता मौजूद रहे।





