रोटरी क्लब ने किया पौधारोपण, बच्चों को फल व प्रमाण पत्र वितरित

जागरण मोर्चा कार्यालय
बिसौली। कंपोजिट विद्यालय हर्रायपुर में सोमवार को रोटरी क्लब द्वारा पौधारोपण कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में उपजिलाधिकारी प्रियंका गोयल, रोटरी क्लब के सचिव मुदित अग्रवाल तथा रोटरी आई हॉस्पिटल के चेयरमैन रवि प्रकाश अग्रवाल ने पौधारोपण कर पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया।
इस अवसर पर एसडीएम प्रियंका गोयल ने कहा कि पर्यावरण को सुरक्षित रखने के लिए अधिक से अधिक पौधारोपण करना समय की सबसे बड़ी आवश्यकता है। उन्होंने कहा कि यदि प्रत्येक व्यक्ति एक पौधा लगाकर उसकी देखभाल करे तो आने वाली पीढ़ियों को स्वच्छ और सुरक्षित वातावरण मिल सकता है। उन्होंने जुलाई माह में 150 बच्चों की उपस्थिति पर उन्हें प्रमाण पत्र व स्टेशनरी देकर सम्मानित भी किया।
रोटरी क्लब के सचिव मुदित अग्रवाल ने विद्यालय को क्षेत्र का आदर्श विद्यालय बताते हुए कहा कि यहां के छात्र-छात्राएं विभिन्न प्रतियोगी परीक्षाओं में भी सफलता प्राप्त कर रहे हैं। वहीं रवि प्रकाश अग्रवाल ने विद्यालय को भविष्य में भी हर संभव सहयोग देने का आश्वासन दिया।
कार्यक्रम के दौरान पीएम पोषण योजना के अंतर्गत तिथि भोजन के तहत रोटरी क्लब द्वारा सभी बच्चों को फल वितरित किए गए। अंत में विद्यालय के प्रधानाध्यापक कुंवरसेन ने सभी अतिथियों का आभार व्यक्त किया।
इस मौके पर ग्राम प्रधान धर्मपाल, विद्यालय प्रबंध समिति के अध्यक्ष वीरपाल सिंह, क्वालिटी कोऑर्डिनेटर अताउर्रहमान, शिक्षिका चित्रा, उमेश चंद्र, हिमानी वार्ष्णेय, अंजुम बुशरा सहित विद्यालय के छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे।




