शासन के आदेशों की अनदेखी: अलापुर नगर पंचायत में विकास कार्य ठप, जांच को लेकर प्रशासन निष्क्रिय
जांच के शासन ने कई बार किया आदेश, प्रशासन ने नहीं दिया ध्यान
जागरण मोर्चा कार्यालय
बदायूं।शासन द्वारा स्पष्ट निर्देश दिए जाने के बावजूद आलापुर नगर पंचायत में विकास कार्यों की स्थिति बद से बदतर बनी हुई है। तीन वर्षों का लंबा समय बीत जाने के बाद भी क्षेत्र में अपेक्षित विकास नहीं हो सका है। आरोप है कि नगर पंचायत के अधिशासी अधिकारी (ईओ) द्वारा शासन के आदेशों की लगातार अवहेलना की जा रही है, वहीं जिम्मेदार अधिकारी भी जांच के लिए मौके पर नहीं पहुंचे हैं।
सूत्रों के अनुसार, निदेशक स्तर से जिलाधिकारी (डीएम) को निर्देशित किया गया था कि आलापुर नगर पंचायत में हो रहे कार्यों की जांच कर आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित की जाए। बावजूद इसके अब तक कोई ठोस कदम नहीं उठाया गया है। इससे स्थानीय लोगों में रोष व्याप्त है और प्रशासन की कार्यशैली पर सवाल खड़े हो रहे हैं।
नगर पंचायत क्षेत्र में सड़क, नाली, सफाई और पेयजल जैसी मूलभूत सुविधाओं का अभाव देखने को मिल रहा है। स्थानीय निवासियों का कहना है कि कई बार शिकायतें दर्ज कराने के बावजूद न तो सुनवाई हो रही है और न ही कोई सुधारात्मक कदम उठाए जा रहे हैं। लोगों का आरोप है कि ईओ राजनीतिक दबाव में काम कर रहे हैं और जनहित की अनदेखी कर रहे हैं।
इस पूरे मामले में सबसे चिंताजनक बात यह है कि शासन के कई आदेशों का पालन नहीं किया गया है, फिर भी प्रशासन मूकदर्शक बना हुआ है। इससे न केवल सरकारी व्यवस्था की साख पर असर पड़ रहा है, बल्कि जनता का विश्वास भी कमजोर हो रहा है।
वहीं, क्षेत्र के जनप्रतिनिधियों ने भी इस मामले को गंभीरता से लेते हुए उच्चाधिकारियों से हस्तक्षेप की मांग की है। उनका कहना है कि यदि जल्द ही जांच कर दोषियों के खिलाफ कार्रवाई नहीं की गई, तो आंदोलन की राह अपनाई जाएगी।





