सपा की मासिक बैठक में संगठन मजबूत करने पर जोर
जागरण मोर्चा
पीलीभीत। समाजवादी पार्टी के नकटादाना स्थित केजीएन-2 कैंप कार्यालय पर सोमवार को जिलाध्यक्ष जगदेव सिंह जग्गा की अध्यक्षता में मासिक बैठक आयोजित हुई।

बैठक में जनपद की चारों विधानसभा—बीसलपुर, पूरनपुर, बरखेड़ा व सदर—के संगठन को बूथ स्तर तक मजबूत करने पर विस्तार से चर्चा की गई। कार्यकर्ताओं को निर्देशित किया गया कि वे घर-घर संपर्क कर समाजवादी नीतियों व विचारधारा का प्रचार-प्रसार करें तथा अधिक से अधिक लोगों को पार्टी से जोड़ें। बहुजन व दलित समाज के बीच विशेष जनसंपर्क अभियान चलाने का भी निर्णय लिया गया।बैठक में शिक्षक व स्नातक विधान परिषद चुनाव को लेकर मतदाता पंजीकरण बढ़ाने पर जोर दिया गया। साथ ही, डॉ. भीमराव अंबेडकर जयंती पर जनपद की सभी विधानसभाओं में भव्य कार्यक्रम आयोजित करने का निर्णय लिया गया।
जिलाध्यक्ष ने सभी पदाधिकारियों व कार्यकर्ताओं से एकजुट होकर संगठन को मजबूत बनाने व आगामी चुनावों में पार्टी की जीत सुनिश्चित करने का आह्वान किया। कार्यक्रम का संचालन हाजी इम्तियाज़ अल्वी ने किया। बैठक में जिला व विधानसभा स्तर के कई पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे।






