​हैवानियत: आसफपुर क्षेत्र के मलखानपुर में पिता ने 5 माह के मासूम को छत से फेंक कर मार डाला, शादी की खुशियां मातम में बदलीं*

0
20

 

हैवानियत: आसफपुर क्षेत्र के मलखानपुर में पिता ने 5 माह के मासूम को छत से फेंक कर मार डाला, शादी की खुशियां मातम में बदलीं*

आसफपुर:- विकास खंड आसफपुर क्षेत्र के ग्राम मलखानपुर में मानवता को शर्मसार करने वाली एक रूह कंपा देने वाली वारदात सामने आई है। यहाँ एक कलयुगी पिता ने अपनी पत्नी पर मायके से तुरंत चलने का दबाव बनाने के लिए अपने ही पांच महीने के मासूम बेटे को छत से नीचे फेंक दिया। गंभीर रूप से घायल बच्चे ने अस्पताल में दम तोड़ दिया। जिस घर में साले की शादी की शहनाइयां गूंज रही थीं और रविवार को बारात जानी थी, वहां अब केवल मासूम की मौत का मातम पसरा है।

*​शादी वाले घर में पसरा सन्नाटा*

​जानकारी के अनुसार, ग्राम मलखानपुर निवासी पूर्व प्रधान प्रमोद दिवाकर के बेटे सौरभ की रविवार को बारात जानी थी। इस मांगलिक कार्यक्रम में शामिल होने के लिए उनकी बेटी कुमकुम अपने पति बॉबी (निवासी बहटरसूल, संभल) और दो बच्चों—5 वर्षीय प्रशांत व 5 माह के राघव—के साथ मायके आई थी। घर में रिश्तेदारों का जमावड़ा था और उत्सव का माहौल था, लेकिन शनिवार की आधी रात को हुई इस घटना ने सब कुछ उजाड़ दिया।

*​नशे में धुत आरोपी ने पहले बहन को पीटा*

​मृतक बच्चे के नाना प्रमोद दिवाकर ने बताया कि आरोपी दामाद बॉबी शुक्रवार को ही ससुराल पहुंचा था और शराब के नशे में धुत था। शुक्रवार रात उसने किसी बात पर अपनी ही बहन नीलम की इतनी बेरहमी से पिटाई की कि वह बेहोश हो गई। शनिवार रात करीब 9 बजे वह फिर से नशे की हालत में घर पहुंचा और अपनी पत्नी कुमकुम से झगड़ा करने लगा। वह रात में ही कुमकुम को अपने साथ घर ले जाने की जिद पर अड़ा था।

*​”अभी घर चलो, वरना बच्चे को फेंक दूंगा”*

​रात करीब 12 बजे जब कुमकुम ने इतनी रात को जाने से मना किया, तो विवाद चरम पर पहुंच गया। कुमकुम ने झगड़े के बीच अपने छोटे बेटे राघव को अपनी मां (बच्चे की नानी) की गोद में थमा दिया। इसी दौरान सनकी बॉबी ने सास की गोद से मासूम को झपटा और छत की ओर दौड़ पड़ा। उसने राघव को छत से नीचे लटका दिया और कुमकुम को धमकी दी कि “अगर अभी मेरे साथ नहीं चली, तो बच्चे को नीचे फेंक दूंगा।” पत्नी और परिजनों ने उसे समझाने की बहुत कोशिश की, लेकिन पत्थर दिल हो चुके बॉबी ने बच्चे को छत से नीचे पटक दिया।

*​अस्पताल में इलाज के दौरान तोड़ा दम*

​मासूम राघव के जमीन पर गिरते ही घर में चीख-पुकार मच गई। लहूलुहान हालत में बच्चे को लेकर परिजन तुरंत चंदौसी के अस्पताल पहुंचे, जहां से उसे गंभीर हालत में मुरादाबाद रेफर कर दिया गया। रविवार तड़के करीब 4 बजे मासूम ने इलाज के दौरान दम तोड़ दिया।

*​कमरे में बंद किया आरोपी, पुलिस ने किया गिरफ्तार*

​वारदात के बाद गुस्साए ग्रामीणों और परिजनों ने आरोपी बॉबी को पकड़कर एक कमरे में बंद कर दिया और पुलिस को सूचना दी। बिसौली कोतवाली पुलिस ने मौके पर पहुंचकर आरोपी को हिरासत में लिया।

*​एसएचओ कमलेश मिश्रा ने बताया कि:*
​”शुरुआती जांच में पति-पत्नी के विवाद की बात सामने आई है। आरोपी पिता को हिरासत में ले लिया गया है। परिजनों की तहरीर के आधार पर अग्रिम कानूनी कार्रवाई की जा रही है। बच्चे के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है।”

​मलखानपुर गांव में हुई इस क्रूर वारदात से पूरे विकास खंड आसफपुर क्षेत्र में शोक की लहर है। लोग आरोपी पिता को कड़ी से कड़ी सजा देने की मांग कर रहे हैं।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here