बदायूं में दो हादसों से हड़कंप, सड़क दुर्घटना में तीन घायल, गंगा में डूबने से युवक की मौत
बदायूं जिले में रविवार को दो अलग-अलग हादसों ने लोगों को झकझोर दिया। फैजगंज बेहटा थाना क्षेत्र के नूरनगर कौड़िया चौराहे पर दो बाइकों की आमने-सामने भिड़ंत में तीन युवक घायल हो गए, जिनमें दो की हालत गंभीर बताई जा रही है। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई और कुछ देर तक यातायात प्रभावित रहा। घायलों को 108 एम्बुलेंस की मदद से सीएचसी आसफपुर में भर्ती कराया गया। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
वहीं हजरतपुर थाना क्षेत्र के गंगाघाट पर अंत्येष्टि में शामिल होने आए 28 वर्षीय रानू सक्सेना की गंगा में डूबने से मौत हो गई। बताया गया कि अंतिम संस्कार के बाद स्नान करते समय वह गहरे पानी में चला गया और डूब गया। गोताखोरों ने काफी प्रयास के बाद शव बाहर निकाला। पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए भेजकर जांच शुरू कर दी है। दोनों घटनाओं के बाद परिजनों में कोहराम मचा हुआ है।





