18.92 लाख की विकास योजनाओं का शुभारंभ, गुरुद्वारा रोड समेत दो वार्डों में बनेंगी सीसी सड़क व नालियां
“हर वार्ड का होगा समान विकास” — फात्मा रजा, दो वार्डों में निर्माण कार्यों की शुरुआत
जागरण मोर्चा कार्यालय
बदायूं। नगर पालिका परिषद की पालिकाध्यक्ष फात्मा रजा के नेतृत्व में शहर में विकास कार्यों की रफ्तार लगातार तेज हो रही है। इसी क्रम में शनिवार को उन्होंने करीब 18 लाख 92 हजार रुपये की लागत से दो महत्वपूर्ण विकास परियोजनाओं का शुभारंभ किया। इस दौरान उन्होंने कहा कि नगर के प्रत्येक वार्ड में बिना किसी भेदभाव के समान रूप से विकास कराया जाएगा और नागरिकों को बेहतर मूलभूत सुविधाएं उपलब्ध कराना उनकी प्राथमिकता है।
पालिकाध्यक्ष ने सबसे पहले वार्ड संख्या-12 में मुख्तयार के मकान से मूलचंद्र की चक्की तक बनने वाली 14.70 लाख रुपये की लागत की सीसी सड़क का फीता काटकर उद्घाटन किया। लंबे समय से जर्जर पड़ी इस सड़क के कारण स्थानीय लोगों को आवागमन में परेशानी हो रही थी। निर्माण कार्य शुरू होने से क्षेत्रवासियों में खुशी का माहौल है।
इसके बाद वार्ड संख्या-22 के मोहल्ला काजीटोला में पंजाबी चौक से टिकटगंज चौराहे की ओर गुरुद्वारे के पास 4.22 लाख रुपये की लागत से बनने वाली मुख्य सीसी सड़क एवं नाली निर्माण कार्य का शुभारंभ किया गया। इस कार्य के पूर्ण होने से क्षेत्र में जलभराव की समस्या से राहत मिलेगी और लोगों को बेहतर आवागमन सुविधा प्राप्त होगी।
इस मौके पर पालिकाध्यक्ष फात्मा रजा ने कहा कि नगर पालिका परिषद द्वारा सड़क, नाली, पेयजल, स्ट्रीट लाइट और स्वच्छता जैसी बुनियादी सुविधाओं को मजबूत करने के लिए लगातार कार्य किए जा रहे हैं। उन्होंने संबंधित अधिकारियों और कार्यदायी संस्था को निर्माण कार्य निर्धारित समय सीमा के भीतर गुणवत्ता के साथ पूर्ण करने के निर्देश दिए।
उन्होंने कहा कि जनता ने जिस विश्वास के साथ उन्हें जिम्मेदारी सौंपी है, उस पर खरा उतरना उनकी प्राथमिकता है और विकास कार्यों में पारदर्शिता बनाए रखी जाएगी।
कार्यक्रम के दौरान स्थानीय नागरिकों ने पालिकाध्यक्ष का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि वर्षों से लंबित मांग अब पूरी हो रही है। इस अवसर पर सभासद किशोर कश्यप, अतुल रस्तोगी, कमलजीत कौर, विमला शर्मा, हेमा अरोरा, चरनजीत कौर, गुरदीप सिंह, मंजीत सिंह सहित नगर पालिका के अधिकारी, कर्मचारी और बड़ी संख्या में क्षेत्रवासी उपस्थित रहे।





