कांवड़ यात्रा की तैयारियों का डीएम-एसएसपी ने लिया जायजा, अटैना घाट का किया निरीक्षण
श्रद्धालुओं की सुरक्षा व सुविधाओं पर जोर, अटैना घाट पर अधिकारियों ने दिए निर्देश
जागरण मोर्चा कार्यालय
बदायूं। कांवड़ यात्रा-2026 को सकुशल एवं व्यवस्थित ढंग से संपन्न कराने के उद्देश्य से जिलाधिकारी अवनीश राय एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक अंकिता शर्मा ने शनिवार को अटैना घाट का स्थलीय निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया। इस दौरान उन्होंने संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश भी दिए।
निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने कांवड़ियों की सुरक्षा, यातायात प्रबंधन, बैरिकेडिंग, साफ-सफाई, पेयजल, प्रकाश व्यवस्था सहित अन्य जरूरी सुविधाओं की स्थिति का बारीकी से अवलोकन किया। जिलाधिकारी ने सभी विभागों को निर्देशित किया कि वे आपसी समन्वय के साथ कार्य करते हुए सभी व्यवस्थाओं को दुरुस्त रखें, ताकि श्रद्धालुओं को किसी भी प्रकार की असुविधा का सामना न करना पड़े।
जिलाधिकारी ने विशेष रूप से गंगा नदी के जल स्तर पर लगातार निगरानी बनाए रखने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि जल स्तर में किसी भी प्रकार की वृद्धि होने पर तत्काल संबंधित अधिकारियों को सूचित किया जाए और आवश्यक सुरक्षा एवं एहतियाती उपाय सुनिश्चित किए जाएं, जिससे कांवड़ियों की सुरक्षा में कोई कमी न रह जाए।
वहीं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक अंकिता शर्मा ने पुलिस अधिकारियों को निर्देश दिए कि घाट क्षेत्र एवं कांवड़ मार्गों पर पर्याप्त पुलिस बल की तैनाती सुनिश्चित की जाए। उन्होंने कहा कि यातायात व्यवस्था को सुचारु बनाए रखते हुए श्रद्धालुओं की सुरक्षा पर विशेष ध्यान दिया जाए।
निरीक्षण के दौरान विभिन्न विभागों के अधिकारी एवं कर्मचारी मौजूद रहे।




