Home Breaking News सावन के चार सोमवार स्कूल-कॉलेजों में विद्यार्थियों का अवकाश कांवड़ यात्रा...

सावन के चार सोमवार स्कूल-कॉलेजों में विद्यार्थियों का अवकाश कांवड़ यात्रा और भारी भीड़ को देखते हुए डीएम का आदेश, शिक्षक-कर्मचारी रहेंगे उपस्थित

0
33

सावन के चार सोमवार स्कूल-कॉलेजों में विद्यार्थियों का अवकाश

कांवड़ यात्रा और भारी भीड़ को देखते हुए डीएम का आदेश, शिक्षक-कर्मचारी रहेंगे उपस्थित

जागरण मोर्चा कार्यालय

बरेली। सावन माह में निकलने वाली विशाल कांवड़ यात्रा और लाखों श्रद्धालुओं की आवाजाही को देखते हुए जिला प्रशासन ने विद्यार्थियों की सुरक्षा के मद्देनजर बड़ा निर्णय लिया है। जिलाधिकारी अविनाश सिंह ने जिले के सरकारी एवं निजी स्कूलों के साथ-साथ महाविद्यालयों, आईटीआई, पॉलिटेक्निक और तकनीकी शिक्षण संस्थानों में सावन के चारों सोमवार विद्यार्थियों के लिए अवकाश घोषित किया है।
जारी आदेश के अनुसार 3 अगस्त, 10 अगस्त, 17 अगस्त और 24 अगस्त को विद्यार्थियों की नियमित कक्षाएं संचालित नहीं होंगी। हालांकि इन दिनों शिक्षकों और शिक्षणेतर कर्मचारियों को शासकीय कार्यों के लिए संस्थानों में उपस्थित रहना होगा। जिलाधिकारी ने बताया कि सावन के प्रत्येक सोमवार से पहले रविवार रात से ही बड़ी संख्या में कांवड़िए बरेली के सातों नाथ मंदिरों में जलाभिषेक के लिए पहुंचने लगते हैं। सोमवार सुबह जलाभिषेक के बाद श्रद्धालु विभिन्न मार्गों से लौटते हैं, जिससे शहर के प्रमुख मार्गों पर कई घंटों तक भारी यातायात दबाव और जाम की स्थिति बनी रहती है। ऐसे में छात्र-छात्राओं की सुरक्षा और सुगम आवागमन सुनिश्चित करने के उद्देश्य से यह निर्णय लिया गया है। यह आदेश बरेली महानगर के सभी यूपी बोर्ड, सीबीएसई, आईसीएसई तथा अन्य बोर्डों से संचालित सरकारी और निजी विद्यालयों पर लागू होगा। इसके अलावा दिल्ली रोड और बदायूं रोड के पांच किलोमीटर के दायरे में स्थित सभी महाविद्यालय, तकनीकी संस्थान, आईटीआई, पॉलिटेक्निक तथा अन्य शिक्षण संस्थानों में भी विद्यार्थियों की कक्षाएं बंद रहेंगी। प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि चारों सोमवार विद्यार्थियों के लिए अवकाश रहेगा, लेकिन शिक्षण एवं गैर-शिक्षण स्टाफ को अपने-अपने संस्थानों में उपस्थित रहकर आवश्यक प्रशासनिक कार्यों का निष्पादन करना होगा। जिलाधिकारी अविनाश सिंह ने यह भी स्पष्ट किया है कि यदि किसी विश्वविद्यालय, बोर्ड या आयोग की पूर्व निर्धारित परीक्षा इन तिथियों पर प्रस्तावित है तो वह अपने तय कार्यक्रम के अनुसार ही आयोजित होगी। परीक्षा कार्यक्रम में कोई बदलाव नहीं किया गया है। जिला प्रशासन ने सभी शिक्षण संस्थानों को आदेश का कड़ाई से पालन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here