फर्जी एंबुलेंस बनी जानलेवा, डंपर से टकराकर हादसा, मरीज समेत तीन घायल
राजस्थान नंबर की संदिग्ध एंबुलेंस का एक्सीडेंट, प्रशासन की लापरवाही पर उठे सवाल
जागरण मोर्चा कार्यालय
बदायूं। जिले में फर्जी तरीके से संचालित हो रही एंबुलेंसों का मामला एक बार फिर गंभीर हादसे के बाद सामने आया है। बिनावर थाना क्षेत्र के मालगांव फाटक के पास मरीज को इलाज के लिए ले जा रही एक एंबुलेंस डंपर से टकरा गई। हादसे में मरीज की हालत और बिगड़ गई, जबकि एंबुलेंस में सवार दो अन्य लोग भी गंभीर रूप से घायल हो गए। सभी घायलों को तत्काल उपचार के लिए अस्पताल भेजा गया है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, उक्त एंबुलेंस राजस्थान नंबर की थी और राजकीय मेडिकल कॉलेज से एक मरीज को रेफर कर बरेली ले जाया जा रहा था। रास्ते में मालगांव फाटक के पास तेज रफ्तार एंबुलेंस अचानक सामने आए डंपर से टकरा गई। टक्कर इतनी जोरदार थी कि एंबुलेंस के अगले हिस्से के परखच्चे उड़ गए और उसमें सवार लोग गंभीर रूप से घायल हो गए।
घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। स्थानीय लोगों ने तत्परता दिखाते हुए घायलों को एंबुलेंस से बाहर निकाला और पुलिस को सूचना दी। सूचना मिलते ही बिनावर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और घायलों को अस्पताल भिजवाया। चिकित्सकों के अनुसार मरीज की हालत नाजुक बनी हुई है।
हादसे के बाद एंबुलेंस के संचालन को लेकर गंभीर सवाल खड़े हो गए हैं। बताया जा रहा है कि उक्त एंबुलेंस फर्जी नंबरों से संचालित हो रही थी और इसके दस्तावेज भी संदिग्ध हैं। जिले में इस तरह की कई एंबुलेंसों के अवैध संचालन की शिकायतें पहले भी सामने आ चुकी हैं।
गौरतलब है कि जागरण मोर्चा ने कुछ दिन पहले ही खबर के माध्यम से प्रशासन और यातायात विभाग को ऐसे फर्जी एंबुलेंस संचालन के बारे में आगाह किया था, लेकिन इसके बावजूद कोई ठोस कार्रवाई नहीं की गई। अब इस हादसे के बाद प्रशासन की कार्यशैली पर सवाल उठने लगे हैं।
स्थानीय लोगों का कहना है कि यदि समय रहते इन अवैध एंबुलेंसों पर कार्रवाई की गई होती तो इस तरह की दुर्घटना टाली जा सकती थी। फिलहाल पुलिस मामले की जांच में जुटी है और एंबुलेंस के दस्तावेजों की भी जांच की जा रही है।






