Home Breaking News 600 करोड़ की विकास सौगात के साथ मुख्यमंत्री योगी का बड़ा संदेश:

600 करोड़ की विकास सौगात के साथ मुख्यमंत्री योगी का बड़ा संदेश:

0
147

600 करोड़ की विकास सौगात के साथ पीलीभीत से मुख्यमंत्री योगी का बड़ा संदेश: 55 साल से इंतजार कर रहे बंगाली हिंदू परिवारों को मिली नागरिकता और जमीन का अधिकार

जागरण मोर्चा कार्यालय

पीलीभीत। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने सोमवार को पीलीभीत दौरे के दौरान जिले को लगभग 600 करोड़ रुपये की 66 विकास परियोजनाओं की सौगात दी। बरखेड़ा विधानसभा क्षेत्र के पतरासा कुंवरपुर में आयोजित विशाल जनसभा में उन्होंने विभिन्न विकास कार्यों का लोकार्पण एवं शिलान्यास किया। साथ ही दशकों से अपने अधिकारों की प्रतीक्षा कर रहे विस्थापित बंगाली हिंदू परिवारों को भूमि अधिकार पत्र और भारतीय नागरिकता प्रमाण पत्र सौंपकर ऐतिहासिक पहल की।

मुख्यमंत्री ने कहा कि विकास केवल सड़क, पुल और भवन बनाने तक सीमित नहीं है, बल्कि समाज के उन लोगों को सम्मान और अधिकार दिलाना भी सरकार की जिम्मेदारी है, जो वर्षों से उपेक्षित रहे हैं। उन्होंने कहा कि सरकार विकास और विरासत, दोनों को समान महत्व देकर आगे बढ़ रही है।

 

55 साल का इंतजार खत्म, अब कोई नहीं हटा सकेगा

 

मुख्यमंत्री ने कहा कि पूर्वी पाकिस्तान (अब बांग्लादेश) से धार्मिक उत्पीड़न के कारण लगभग 55-56 वर्ष पहले भारत आए बंगाली हिंदू परिवारों को अब प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में नागरिकता और भूमि का अधिकार मिल रहा है। उन्होंने कहा कि नागरिकता प्रमाण पत्र केवल एक दस्तावेज नहीं, बल्कि वर्षों से अधिकार और सम्मान की प्रतीक्षा कर रहे परिवारों के जीवन में नया अध्याय है।

 

उन्होंने स्पष्ट कहा कि अब इन परिवारों को उनकी भूमि से कोई बेदखल नहीं कर सकेगा और वे पूरे अधिकारों के साथ भारतीय नागरिक के रूप में अपना भविष्य सुरक्षित कर सकेंगे।

 

ढाई हजार परिवारों को मिला लाभ, प्रदेशभर में चलेगा अभियान

 

मुख्यमंत्री ने बताया कि पीलीभीत में करीब 2,500 विस्थापित परिवारों, यानी लगभग 15 हजार लोगों को नागरिकता और भूमि अधिकार का लाभ मिल रहा है। उन्होंने कहा कि प्रदेश में ऐसे लगभग 55 हजार परिवारों को चरणबद्ध तरीके से यह अधिकार दिए जाएंगे और इस अभियान की शुरुआत पीलीभीत से हुई है। इसके बाद बाराबंकी और बहराइच सहित अन्य जिलों में भी प्रक्रिया आगे बढ़ेगी। वन विभाग और केंद्र सरकार की अनुमति मिलने पर अन्य पात्र परिवारों को भी लाभ मिलेगा।

 

सपा और कांग्रेस पर साधा निशाना

 

अपने संबोधन में मुख्यमंत्री ने समाजवादी पार्टी और कांग्रेस पर निशाना साधते हुए कहा कि वर्षों तक सत्ता में रहने के बावजूद इन दलों ने प्रताड़ित हिंदू परिवारों, गरीबों, दलितों और वंचित वर्गों की चिंता नहीं की। उन्होंने आरोप लगाया कि उनकी राजनीति तुष्टिकरण तक सीमित रही, जबकि भाजपा सरकार बिना भेदभाव सभी वर्गों के कल्याण के लिए काम कर रही है।

 

बंगाली परंपरा से हुआ स्वागत

कार्यक्रम में मुख्यमंत्री का बंगाली परंपरा के अनुसार स्वागत किया गया। इस अवसर पर केंद्रीय राज्यमंत्री जितिन प्रसाद, गन्ना विकास एवं चीनी मिल राज्य मंत्री संजय गंगवार, कृषि राज्य मंत्री बलदेव सिंह औलख सहित कई जनप्रतिनिधि उपस्थित रहे।

बीसलपुर विधायक विवेक वर्मा ने मुख्यमंत्री से क्षेत्र में चीनी मिल, स्टेडियम और डिग्री कॉलेज की स्थापना की मांग की, जबकि बरखेड़ा विधायक स्वामी प्रवक्तानंद ने प्रदेश सरकार द्वारा शिक्षा, स्वास्थ्य और परिवहन क्षेत्र में किए गए कार्यों की सराहना की।

विकास और कानून व्यवस्था पर सरकार का फोकस

मुख्यमंत्री ने कहा कि उत्तर प्रदेश में कानून व्यवस्था को मजबूत करने, स्वास्थ्य सेवाओं के विस्तार, पर्यटन को बढ़ावा देने और आधारभूत ढांचे के विकास पर तेजी से काम किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि डबल इंजन सरकार गरीबों, किसानों, महिलाओं और युवाओं के उत्थान के लिए पूरी प्रतिबद्धता के साथ कार्य कर रही है।

मुख्यमंत्री के इस दौरे ने एक ओर जहां पीलीभीत को 600 करोड़ रुपये की विकास परियोजनाओं की सौगात दी, वहीं दूसरी ओर हजारों विस्थापित बंगाली हिंदू परिवारों को नागरिकता और भूमि अधिकार देकर उनके दशकों पुराने इंतजार का भी अंत कर दिया।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here