Home Breaking News शून्य गरीबी अभियान में तेजी लाने के निर्देश, पात्र परिवारों को योजनाओं...

शून्य गरीबी अभियान में तेजी लाने के निर्देश, पात्र परिवारों को योजनाओं से जोड़ें: डीएम

0
30

शून्य गरीबी अभियान में तेजी लाने के निर्देश, पात्र परिवारों को योजनाओं से जोड़ें: डीएम

ब्लॉकवार समीक्षा बैठक में आवास, उज्ज्वला, हर घर नल, बिजली और कौशल विकास योजनाओं की प्रगति परखी

गांधी सभागार में जिलाधिकारी ज्ञानेंद्र सिंह की अध्यक्षता में संपन्न होती मीटिंग

जागरण मोर्चा, कार्यालय

पीलीभीत। जिलाधिकारी ज्ञानेंद्र सिंह ने सोमवार को गांधी सभागार में आयोजित बैठक में शून्य गरीबी (जीरो पावर्टी) अभियान की ब्लॉकवार समीक्षा करते हुए अधिकारियों को निर्देश दिए कि जनपद के प्रत्येक पात्र परिवार को सरकार की सभी जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ समयबद्ध तरीके से उपलब्ध कराया जाए। उन्होंने कहा कि योजनाओं के क्रियान्वयन में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
समीक्षा बैठक में उज्ज्वला योजना, विद्युत संयोजन, हर घर नल योजना, प्रधानमंत्री आवास योजना, कौशल विकास सहित विभिन्न योजनाओं की प्रगति का विस्तृत आकलन किया गया। जिलाधिकारी ने सभी खंड विकास अधिकारियों को निर्देशित किया कि अपने-अपने विकास खंडों में पात्र परिवारों का शत-प्रतिशत चिन्हांकन सुनिश्चित करें और उन्हें सभी पात्र योजनाओं से लाभान्वित कराया जाए।
उन्होंने स्पष्ट कहा कि जनपद में कोई भी पात्र परिवार झोपड़ी में रहने को मजबूर नहीं रहना चाहिए। ऐसे सभी परिवारों को प्रधानमंत्री आवास योजना सहित अन्य आवश्यक योजनाओं से जोड़कर उनके जीवन स्तर में सुधार लाया जाए। साथ ही उज्ज्वला योजना के तहत गैस कनेक्शन, विद्युत संयोजन, हर घर नल योजना के माध्यम से स्वच्छ पेयजल तथा कौशल विकास योजनाओं के जरिए रोजगार के अवसर उपलब्ध कराने पर विशेष जोर दिया जाए।
जिलाधिकारी ने कहा कि शून्य गरीबी अभियान का उद्देश्य प्रत्येक पात्र परिवार को मूलभूत सुविधाओं और सरकारी योजनाओं से जोड़कर आत्मनिर्भर एवं सशक्त बनाना है। इसके लिए सभी विभाग आपसी समन्वय के साथ कार्य करें और नियमित समीक्षा के माध्यम से निर्धारित लक्ष्यों को समयबद्ध ढंग से पूरा करें।
बैठक में मुख्य विकास अधिकारी सतीश प्रसाद मिश्र, मुख्य चिकित्साधिकारी डॉ. भुवन चंद्र पंत, जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी, जिला पंचायत राज अधिकारी, जिला कृषि अधिकारी, लोक निर्माण विभाग के अधिशासी अभियंता सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here