राजकीय मेडिकल कॉलेज में पार्किंग के नाम पर अवैध वसूली, मरीज व तीमारदार परेशान
दो से तीन गुना तक वसूली का आरोप, शिकायतों के बाद भी नहीं हो रही कार्रवाई
जागरण मोर्चा कार्यालय
बदायूं। राजकीय मेडिकल कॉलेज में पार्किंग व्यवस्था के नाम पर अवैध वसूली का मामला सामने आया है। यहां आने वाले मरीजों और उनके तीमारदारों से निर्धारित शुल्क से दो से तीन गुना तक रकम वसूली जा रही है। ठेकेदार की मनमानी के चलते सैकड़ों लोग रोजाना परेशान हो रहे हैं, लेकिन शिकायतों के बावजूद प्रशासन की ओर से कोई ठोस कार्रवाई नहीं हो रही है।
बताया जा रहा है कि मेडिकल कॉलेज परिसर में दिन-रात हजारों वाहन पार्क किए जाते हैं। नियमों के अनुसार तय पार्किंग शुल्क की सूची भी प्रदर्शित होनी चाहिए, लेकिन मौके पर न तो सूची लगी है न ही उसका पालन नहीं किया जा रहा। वाहन चालकों का आरोप है कि पार्किंग कर्मी मनमाने ढंग से पैसे वसूलते हैं और विरोध करने पर अभद्रता तक करते हैं।
मरीजों के परिजनों का कहना है कि पहले से ही इलाज के खर्च से जूझ रहे लोगों पर यह अतिरिक्त बोझ डाला जा रहा है। कई लोगों ने इसकी शिकायत संबंधित अधिकारियों से की, लेकिन अब तक कोई कार्रवाई नहीं हुई। इससे लोगों में नाराजगी बढ़ती जा रही है।
स्थानीय लोगों का आरोप है कि ठेकेदार की मिलीभगत के चलते यह खेल लंबे समय से चल रहा है। पार्किंग के नाम पर हर दिन हजारों रुपये की अवैध वसूली हो रही है, जिससे सरकारी राजस्व को भी नुकसान पहुंच रहा है।
इस संबंध में जब जिम्मेदार अधिकारियों से बात करने की कोशिश की गई तो स्पष्ट जवाब नहीं मिल सका। लोगों ने जिला प्रशासन से मामले की जांच कर दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई करने और पार्किंग व्यवस्था को पारदर्शी बनाने की मांग की है।




