बिहार की साइबर ठगी से जुड़े पीलीभीत के दो बैंक खाते, पुलिस ने दर्ज किया केस
एनसीआरपी पोर्टल पर चिह्नित खातों में पहुंची थी संदिग्ध धनराशि, लेनदेन की जांच तेज
जागरण मोर्चा, कार्यालय
पीलीभीत। बिहार में हुई साइबर ठगी की जांच करते हुए पुलिस की पड़ताल पीलीभीत तक पहुंच गई। जांच में शहर के दो बैंक खातों के माध्यम से संदिग्ध धनराशि के लेनदेन के साक्ष्य मिलने पर सुनगढ़ी पुलिस ने दोनों खाताधारकों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है। अब पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि खाताधारकों की भूमिका केवल खाते उपलब्ध कराने तक सीमित थी या वे पूरे नेटवर्क का हिस्सा थे।
पुलिस के अनुसार, राष्ट्रीय साइबर अपराध रिपोर्टिंग पोर्टल (एनसीआरपी) पर दर्ज शिकायतों की जांच के दौरान छतरी चौराहा स्थित बंधन बैंक में संचालित एक खाते का लिंक बिहार के बगाहा में हुई ऑनलाइन ठगी से जुड़ा मिला। जांच में सामने आया कि ठगी से प्राप्त लाखों रुपये इस खाते में पहुंचे और बाद में चेक के माध्यम से निकाल लिए गए। इस मामले में वासिल खां निवासी खाताधारक के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की गई है।
इसी क्रम में स्टेशन रोड स्थित एचडीएफसी बैंक से जुड़े एक अन्य खाते की जांच में भी साइबर ठगी से संबंधित रकम का लेनदेन सामने आया। पुलिस के मुताबिक, जनवरी माह में इस खाते में दो किस्तों में कुल 49 हजार रुपये जमा हुए थे, जिन्हें संदिग्ध मानते हुए जांच की गई। इसके बाद संबंधित खाताधारक के विरुद्ध भी मुकदमा दर्ज कर लिया गया।
सुनगढ़ी पुलिस का कहना है कि दोनों मामलों की जांच साइबर सेल की रिपोर्ट और एनसीआरपी पोर्टल पर उपलब्ध जानकारी के आधार पर की गई। प्रारंभिक जांच में बिहार में दर्ज साइबर धोखाधड़ी और पीलीभीत के इन खातों के बीच कनेक्शन मिलने के बाद विधिक कार्रवाई शुरू कर दी गई है। पुलिस अब धनराशि के पूरे ट्रांजैक्शन की पड़ताल कर रही है और यह भी जांचा जा रहा है कि इस नेटवर्क से अन्य लोग भी जुड़े हैं या नहीं।




