बंद मकान की टीन काटकर चोरों ने उड़ाए 35 हजार, सीसीटीवी में कैद हुई वारदात
घर में घुसकर गल्ले का ताला तोड़ा, फुटेज के आधार पर संदिग्ध की पहचान का दावा; पुलिस जांच में जुटी
जागरण मोर्चा, कार्यालय
बरेली। सिविल लाइंस थाना क्षेत्र में चोरी की एक सनसनीखेज घटना सामने आई है। बदमाशों ने बंद पड़े मकान की टीन की दीवार काटकर घर में प्रवेश किया और गल्ले का ताला तोड़कर 35 हजार रुपये नकद लेकर फरार हो गए। पूरी घटना घर में लगे सीसीटीवी कैमरे में रिकॉर्ड हो गई है। पुलिस ने तहरीर के आधार पर जांच शुरू कर दी है।
सिविल लाइंस क्षेत्र के माल गोदाम रोड स्थित साहिल गेस्ट हाउस के सामने रहने वाले अनुज अरोरा ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि वह अपने घर से “वाटर किंग” फर्म के नाम से पानी और कोल्ड ड्रिंक का कारोबार करते हैं। 12 जुलाई की रात करीब एक बजे से सुबह चार बजे के बीच घर पर कोई मौजूद नहीं था। इसी दौरान अज्ञात चोर टीन की दीवार काटकर अंदर घुस गए और गल्ले का ताला तोड़कर उसमें रखे 35 हजार रुपये नकद चोरी कर ले गए।
सुबह घर लौटने पर चोरी की जानकारी हुई। सीसीटीवी फुटेज देखने पर पूरी वारदात कैमरे में कैद मिली। पीड़ित का कहना है कि फुटेज में दिख रहे व्यक्ति की पहचान कराने पर पता चला कि संदिग्ध आदिल नाम का युवक है, जो शाहजहांपुर का निवासी बताया जा रहा है। हालांकि इसकी आधिकारिक पुष्टि पुलिस ने नहीं की है।
पीड़ित ने सीसीटीवी फुटेज और अन्य साक्ष्यों के साथ पुलिस को तहरीर देकर मुकदमा दर्ज कर कार्रवाई की मांग की है। पुलिस का कहना है कि सीसीटीवी फुटेज और शिकायत के आधार पर मामले की जांच की जा रही है। जांच में जो भी तथ्य सामने आएंगे, उनके आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।





