सपा ने जनहित लोकतांत्रिक मुद्दों पर सौंपा ज्ञापन
विरोध प्रदर्शन कर नारेबाजी करते हुए तहसील पहुंचे
एसडीएम को ज्ञापन देते सपाई
सी.पी. सक्सेना
जागरण मोर्चा, कार्यालय
पूरनपु। मंगलवार को सपाईयों ने विभिन्न मुद्दों को लेकर विरोध प्रदर्शन कर नारेबाजी करते हुए राष्ट्रपति व राज्यपाल को संबोधित ज्ञापन पूरनपुर उपजिलाधिकारी को सौंपा।
ज्ञापन में कहा गया है कि सोनम बंगचूंग की शीघ्र एवं सम्मानजनक रिहाई की मांग उठाई गई। प्रतिनिधिमंडल का कहना था कि लोकतांत्रिक व्यवस्था में प्रत्येक नागरिक को संविधान के अनुरूप न्याय मिलने का अधिकार है तथा कानून का पालन करते हुए निष्पक्ष एवं पारदर्शी प्रक्रिया अपनाई जानी चाहिए। इसके अतिरिक्त जंतर-मंतर पर शांतिपूर्ण ढंग से प्रदर्शन कर रहे छात्रों के साथ पुलिस द्वारा किए गए कथित अमानवीय व्यवहार पर गहरी चिंता व्यक्त की गई। ज्ञापन में कहा गया कि लोकतंत्र में अपनी बात शांतिपूर्ण तरीके से रखने का अधिकार प्रत्येक नागरिक को संविधान द्वारा प्राप्त है।
यदि प्रदर्शन के दौरान किसी प्रकार की अनुचित कार्रवाई हुई है तो उसकी निष्पक्ष एवं उच्चस्तरीय जांच कराई जाए तथा दोषी अधिकारियों एवं कर्मचारियों के विरुद्ध विधिसम्मत कार्रवाई सुनिश्चित की जाए। समाजवादी पार्टी ने अपने ज्ञापन में मोहम्मद अली जौहर यूनिवर्सिटी को लेकर भी चिंता व्यक्त की। पार्टी ने कहा कि शिक्षा किसी भी समाज की प्रगति का सबसे महत्वपूर्ण आधार होती है। ऐसे में शैक्षणिक संस्थानों की गरिमा, स्वायत्तता एवं विद्यार्थियों के हितों की रक्षा की जानी चाहिए। ज्ञापन में मांग की गई कि विश्वविद्यालय से जुड़े सभी मामलों का समाधान निष्पक्ष, संवैधानिक एवं न्यायपूर्ण ढंग से किया जाए, जिससे विद्यार्थियों के भविष्य पर किसी प्रकार का प्रतिकूल प्रभाव न पड़े। इस दौरान सपा जिलाध्यक्ष जगदेव सिंह जग्गा, अशोक राजा,संजय खान,तौफीक अहमद सहित बडी संख्या में सपा के पदाधिकारी और कार्यकर्ता मौजूद रहे।




