तालाब में उतराता मिला युवक का शव, परिवार में मचा कोहराम
गुरुवार रात घर से निकला था युवक, सुबह तालाब में मिला शव
परिजनों ने जताई हत्या की आशंका, पुलिस ने पोस्टमार्टम को भेजा शव
जागरण मोर्चा कार्यालय
आंवला। गुरुवार की रात घर से लापता हुए एक युवक का शव शुक्रवार सुबह गांव के बाहर सड़क किनारे बने तालाब में उतराता मिला। शव मिलने की सूचना पर ग्रामीणों की भीड़ मौके पर जुट गई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को बाहर निकलवाकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। परिजनों ने युवक की हत्या कर शव तालाब में फेंके जाने की आशंका जताई है।
मनौना गांव निवासी अमन (22) पुत्र बिजेंद्र वाल्मीकि गुरुवार रात करीब नौ बजे घर से कहीं चला गया था। देर रात तक घर नहीं लौटने पर परिजनों ने उसकी तलाश की, लेकिन उसका कोई पता नहीं चल सका। शुक्रवार सुबह जब ग्रामीण टहलने के लिए निकले तो सड़क किनारे बने तालाब में एक शव उतराता दिखाई दिया। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और शव को तालाब से बाहर निकलवाया, जिसकी पहचान अमन के रूप में हुई। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार तालाब में युवक का केवल चेहरा दिखाई दे रहा था। शव बाहर निकालने पर उसके चेहरे और शरीर पर कई स्थानों पर घाव जैसे निशान दिखाई दिए। आशंका जताई जा रही है कि ये निशान पानी में रहने के दौरान मछलियों द्वारा किए गए हो सकते हैं। हालांकि, इसकी पुष्टि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही हो सकेगी। परिजनों ने बताया कि अमन अविवाहित था और मजदूरी करता था। वह दो भाइयों और एक बहन में सबसे बड़ा था।
पुलिस का कहना है कि देर शाम तक इस संबंध में कोई तहरीर प्राप्त नहीं हुई थी। तहरीर मिलने और पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद अग्रिम कार्रवाई की जाएगी।




