शराब की दुकान खुलने से नाराज महिला ने काटा हंगामा
विरोध प्रदर्शन कर भठ्ठी हटाए जाने कि उठाई मांग
जागरण मोर्चा, कार्यालय
पूरनपुर। कोतवाली क्षेत्र के गांव नवदिया में आबादी के बीच संचालित देशी शराब के ठेके को लेकर ग्रामीणों का आक्रोश लगातार बढ़ता जा रहा है। महिलाओं में इसको लेकर भारी नाराजगी देखी जा रही है।
सोमवार को बड़ी संख्या में महिलाएं एकजुट होकर शराब की दुकान के बाहर पहुंचीं और जोरदार विरोध प्रदर्शन कर जमकर हंगामा किया। इस दौरान उन्होंने प्रशासन के खिलाफ नारेबाजी करते हुए आबादी के बीच से शराब का ठेका तत्काल हटाने की मांग उठाई। प्रदर्शन कर रही महिलाओं का कहना था कि गांव की घनी आबादी के बीच शराब का ठेका खोले जाने से पूरे क्षेत्र का वातावरण प्रभावित हो गया है। सुबह से देर शाम तक शराब खरीदने आने वाले लोगों का जमावड़ा लगा रहता है। कई बार शराब पीने के बाद लोग सड़क और दुकान के आसपास खड़े होकर अभद्र भाषा का प्रयोग करते हैं, जिससे महिलाओं, छात्राओं और छोटे बच्चों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ता है। महिलाओं ने आरोप लगाया कि आबादी के बीच शराब की दुकान खुलने से बच्चों पर भी गलत प्रभाव पड़ रहा है। स्कूल और बाजार जाने वाले छात्र-छात्राओं को रोजाना इसी रास्ते से गुजरना पड़ता है। शराबियों की आवाजाही के कारण अभिभावकों में भी चिंता बनी रहती है। ग्रामीणों का कहना है कि गांव में पहले से ही कई सामाजिक समस्याएं हैं, ऐसे में रिहायशी इलाके में शराब का ठेका संचालित होने से हालात और बिगड़ सकते हैं। प्रदर्शन के दौरान महिलाओं ने कहा कि कई बार जिम्मेदार अधिकारियों से मौखिक शिकायत की जा चुकी है, लेकिन अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं की गई। इससे ग्रामीणों में नाराजगी बढ़ती जा रही है। उनका कहना था कि प्रशासन को आबादी के बीच संचालित शराब के ठेके का निरीक्षण कर इसे तत्काल किसी अन्य उपयुक्त स्थान पर स्थानांतरित करना चाहिए, ताकि गांव का माहौल सामान्य रह सके।




