Home Breaking News हाथों में सजी मेहंदी, सपनों को मिले रंग,करीब 200 प्रतिभागियों ने दिखाया...

हाथों में सजी मेहंदी, सपनों को मिले रंग,करीब 200 प्रतिभागियों ने दिखाया हुनर

0
4

हाथों में सजी मेहंदी, सपनों को मिले रंग,करीब 200 प्रतिभागियों ने दिखाया हुनर

इकरा पब्लिक गर्ल्स इंटर कॉलेज की नगर स्तरीय प्रतियोगिता में छात्राओं की कला ने बिखेरा आकर्षण

मेहंदी प्रतियोगिता में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाली विजेता छात्राओं को पुरस्कार एवं प्रशस्ति पत्र प्रदान करते अतिथि एवं विद्यालय प्रबंधन।

जागरण मोर्चा ब्यूरो
पीलीभीत। इकरा पब्लिक गर्ल्स इंटर कॉलेज में आयोजित नगर स्तरीय भव्य मेहंदी प्रतियोगिता कला, संस्कृति और रचनात्मकता का शानदार संगम बन गई। प्रतियोगिता में नगर के विभिन्न विद्यालयों की लगभग 200 छात्राओं ने भाग लेकर अपनी कल्पनाशीलता, सृजनात्मक प्रतिभा और भारतीय परंपराओं के प्रति सम्मान का मनमोहक परिचय दिया। छात्राओं के हाथों पर उकेरी गई आकर्षक मेहंदी डिजाइनों ने सभी का ध्यान अपनी ओर खींच लिया।
कार्यक्रम का शुभारंभ जीनीयस कोचिंग इंस्टीट्यूट के निदेशक मुमताज़ अहमद ने दीप प्रज्ज्वलित कर किया। उन्होंने कहा कि इस प्रकार की प्रतियोगिताएं छात्राओं के भीतर छिपी प्रतिभा को मंच प्रदान करने के साथ-साथ भारतीय संस्कृति से जोड़ने का महत्वपूर्ण माध्यम हैं। उन्होंने प्रतिभागियों के उत्साह और विद्यालय के प्रयासों की सराहना की।
प्रतियोगिता को जूनियर (कक्षा 6 से 8) तथा सीनियर (कक्षा 9 से 12) वर्गों में आयोजित किया गया। इसमें सेंट अली पब्लिक स्कूल, पीलीभीत पब्लिक स्कूल, वीरांगना अवंती बाई कॉलेज, ज्ञान इंटरनेशनल, ग्रीन वुड पब्लिक स्कूल, एस.एन. इंटर कॉलेज, हाफिज रहमत खान इंटर कॉलेज सहित नगर के कई विद्यालयों की छात्राओं ने भाग लिया।
प्रतियोगिता का मूल्यांकन समीना शाहिद (निदेशक, मदद फाउंडेशन), अरीन (मेहंदी एवं मेकअप विशेषज्ञ) तथा तय्यबा आरिफ़ (मेहंदी एक्सपर्ट) ने निष्पक्ष रूप से किया।
सीनियर वर्ग में ईफरा बी ने प्रथम, उमम ने द्वितीय तथा बुशरा ने तृतीय स्थान प्राप्त किया। बाहरी प्रतिभागियों में श्रिया, असना नूर और ज़ैनब क्रमशः प्रथम, द्वितीय एवं तृतीय स्थान पर रहीं।
जूनियर वर्ग में जोहा प्रथम, खुशनुमा द्वितीय तथा इंशा तृतीय स्थान पर रहीं। वहीं बाहरी प्रतिभागियों में हनी फातिमा, ताशा एवं जायना को क्रमशः प्रथम, द्वितीय और तृतीय पुरस्कार प्रदान किए गए। दोनों वर्गों में विद्यालय एवं बाहरी प्रतिभागियों की पांच-पांच छात्राओं को सांत्वना पुरस्कार भी प्रदान किए गए। सभी पुरस्कार जीनीयस कोचिंग इंस्टीट्यूट के सौजन्य से वितरित किए गए।
समापन अवसर पर विद्यालय के प्रधानाचार्य एवं प्रतियोगिता संयोजक अखलाक हसन खान ने मुख्य अतिथि, निर्णायक मंडल और सभी अतिथियों का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि ऐसी प्रतियोगिताएं छात्राओं में आत्मविश्वास, सृजनात्मकता और सांस्कृतिक मूल्यों के प्रति सम्मान की भावना को मजबूत करती हैं।
इस अवसर पर विद्यालय के प्रबंधक इकबाल हसन खान, मोनिस अयाज़ खान, सखावत उल्लाह खान, कमाल शम्सी, सैयद शारिक अली, सैयद तारिक अली, वसीमउद्दीन खान, आरिफा तस्लीम, रजनी सक्सेना, मधु सक्सेना, शबाना खान, सीमा, अफसर हुसैन, मेहविश खान, नाज़िर हुसैन सहित विद्यालय का समस्त स्टाफ एवं बड़ी संख्या में अभिभावक उपस्थित रहे।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here