Home Breaking News दातागंज में आस्था का सैलाब: हजारों शिवभक्तों के साथ निकली ऐतिहासिक कांवड़...

दातागंज में आस्था का सैलाब: हजारों शिवभक्तों के साथ निकली ऐतिहासिक कांवड़ यात्रा, गूंजा हर-हर महादेव

0
76

दातागंज में आस्था का सैलाब: हजारों शिवभक्तों के साथ निकली ऐतिहासिक कांवड़ यात्रा, गूंजा हर-हर महादेव

भाजपा प्रदेश उपाध्यक्ष राजेश यादव व पूर्व सांसद धर्मेंद्र कश्यप ने हवन-पूजन कर किया यात्रा का शुभारंभ

डॉ. शैलेश पाठक के नेतृत्व में उमड़ा जनसैलाब, भीड़ देख थम गए लोगों के कदम

जागरण मोर्चा कार्यालय
दातागंज। सावन के पावन महीने में शनिवार को दातागंज में उस समय पूरा माहौल शिवमय हो गया, जब भाजपा नेता डॉ. शैलेश पाठक के नेतृत्व में विशाल कांवड़ यात्रा निकाली गई। दातागंज से कछला के लिए रवाना हुई इस यात्रा में हजारों की संख्या में शिवभक्त शामिल हुए। हाथों में कांवड़, माथे पर तिलक और भगवा वस्त्रों में सजे श्रद्धालुओं के उत्साह से शहर की गलियां और मुख्य मार्ग हर-हर महादेव तथा बम-बम भोले के जयघोष से गूंज उठे। आयोजकों के अनुसार, दातागंज में इससे पहले इतनी बड़ी कांवड़ यात्रा देखने को नहीं मिली।

कांवड़ यात्रा का शुभारंभ भाजपा प्रदेश उपाध्यक्ष राजेश यादव और भाजपा के पूर्व सांसद धर्मेंद्र कश्यप ने डॉ. शैलेश पाठक के साथ विधिवत हवन-पूजन और भगवान शिव की आराधना के बाद किया। पूजन के बाद जैसे ही यात्रा आगे बढ़ी, शिवभक्तों का उत्साह देखते ही बना। डीजे की भक्ति धुनों पर युवा कांवड़िए जमकर झूमते रहे। बनारस से आए कलाकारों की नृत्य प्रस्तुतियों ने भी श्रद्धालुओं का ध्यान आकर्षित किया।

दातागंज के मुख्य मार्गों पर श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ने के कारण कई स्थानों पर यात्रा की रफ्तार धीमी हुई और कार्यक्रम निर्धारित समय से कुछ देर तक चलता रहा। इसके बावजूद शिवभक्तों के उत्साह में कोई कमी नहीं आई। श्रद्धालु भक्ति गीतों पर नृत्य करते हुए कछला की ओर बढ़ते रहे।

इस मौके पर भाजपा प्रदेश उपाध्यक्ष राजेश यादव ने कहा कि दातागंज में हिंदुत्व और शिवभक्ति का उत्साह देखते ही बन रहा है। हजारों शिवभक्तों का कांवड़ यात्रा में शामिल होना सनातन आस्था के प्रति लोगों की गहरी श्रद्धा को दर्शाता है। उन्होंने सभी शिवभक्तों को शुभकामनाएं देते हुए भगवान भोलेनाथ से सभी के मंगल की कामना की।

पूर्व सांसद धर्मेंद्र कश्यप ने डॉ. शैलेश पाठक की ओर से आयोजित विशाल कांवड़ यात्रा की सराहना करते हुए कहा कि वह जनता के बीच रहकर जनहित के कार्यों में लगातार सक्रिय रहते हैं। लोगों के बीच उनकी सक्रियता और जुड़ाव का अंदाजा यात्रा में उमड़ी भीड़ से लगाया जा सकता है।

डॉ. शैलेश पाठक ने कहा कि हजारों शिवभक्तों के उत्साह से दातागंज पूरी तरह शिवमय हो गया है। उन्होंने भगवान शिव से क्षेत्र में सुख, शांति और समृद्धि की कामना की। साथ ही यात्रा को सफल बनाने में सहयोग करने वाले भाजपा कार्यकर्ताओं, शिवभक्तों, स्थानीय नागरिकों और सामाजिक संगठनों का आभार जताया।

जगह-जगह पुष्पवर्षा से हुआ स्वागत, दिखी सामाजिक सौहार्द की तस्वीर

कांवड़ यात्रा के दौरान दातागंज में सामाजिक सौहार्द की मिसाल भी देखने को मिली। अरेला मोहल्ले में मुस्लिम समाज के लोगों ने पुष्पवर्षा कर कांवड़ यात्रा का स्वागत किया। इसके बाद मंदिरिया चौराहे पर वाल्मीकि समाज के लोगों ने यात्रा का जोरदार स्वागत किया और डॉ. शैलेश पाठक को राम नाम का पटका पहनाकर सम्मानित किया।

मुख्य चौराहे पर व्यापारी समाज की ओर से भव्य स्वागत किया गया। व्यापारियों ने जेसीबी के माध्यम से कांवड़ यात्रा पर पुष्पवर्षा की। फूलों की बारिश के बीच शिवभक्तों ने हर-हर महादेव के जयकारे लगाए।

दातागंज से कछला की ओर बढ़ी यात्रा का ग्राम पापड़, डहरपुर और सराय में भी जोरदार स्वागत हुआ। इन स्थानों पर बड़ी संख्या में ग्रामीण पहले से मौजूद रहे और श्रद्धालुओं का स्वागत कर यात्रा को आगे रवाना किया।

यात्रा में बनारस से आए कलाकारों की प्रस्तुतियों और डीजे शर्मा की भक्ति धुनों ने माहौल को भक्तिमय बना दिया। युवा कांवड़िए हाथों में कांवड़ लेकर जमकर नृत्य करते नजर आए। पूरे यात्रा मार्ग पर हर-हर महादेव और बम-बम भोले के जयघोष गूंजते रहे।

कार्यक्रम में राकेश वर्मा, मनोज सोलंकी, आकाश वर्मा, रमेश कश्यप, सुधीर अग्निहोत्री, शिवम् पांडे, अरविंद अग्निहोत्री, सुधीर पाठक, प्रेमपाल शर्मा, राजभान सिंह, प्रवेश कुमार सिंह, सोरन कश्यप, ओमेंद्र कश्यप, राजेश गुप्ता खन्ना, श्रीनिवास गुप्ता, प्रमोद सक्सेना, सपू गुप्ता, अफजाल अंसारी, इशहाक अहमद सहित बड़ी संख्या में भाजपा कार्यकर्ता, स्थानीय नागरिक और शिवभक्त मौजूद रहे।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here