Home Breaking News एंबुलेंस में पंजीकृत: स्कूल के बच्चों को लाने ले जाने में लगा...

एंबुलेंस में पंजीकृत: स्कूल के बच्चों को लाने ले जाने में लगा था वाहन सेफ फ्यूचर अभियान में 55 स्कूली वाहन चेक, दो सीज

0
31

एंबुलेंस में पंजीकृत: स्कूल के बच्चों को लाने ले जाने में लगा था वाहन

सेफ फ्यूचर अभियान में 55 स्कूली वाहन चेक, दो सीज

जागरण मोर्चा कार्यालय
बदायूं। सेफ फ्यूचर अभियान के तहत बुधवार को परिवहन विभाग की टीमों ने स्कूली वाहनों के खिलाफ सघन चेकिंग अभियान चलाया। इस दौरान स्कूल परिसरों में खड़े वाहनों का निरीक्षण करने के साथ ही सड़क पर 55 स्कूली वाहनों को चेक किया गया। मानकों के अनुरूप नहीं पाए गए पांच स्कूली वाहनों और एक निजी वाहन का चालान किया गया, जबकि दो स्कूली वाहनों को सीज कर दिया गया।

उत्तर प्रदेश शासन और जिलाधिकारी बदायूं के निर्देश पर 11 से 25 अगस्त तक चल रहे अभियान के तहत परिवहन विभाग की टीमों ने विभिन्न स्कूलों में पहुंचकर वाहनों के फिटनेस, परमिट, बीमा, प्रदूषण प्रमाणपत्र समेत अन्य जरूरी दस्तावेजों की जांच की।

चेकिंग के दौरान एसएस पब्लिक स्कूल, उझानी के एक वाहन में गंभीर अनियमितता मिली। जांच में सामने आया कि वाहन एंबुलेंस के रूप में पंजीकृत था, लेकिन उसे मॉडिफाई कर स्कूल बस के रूप में इस्तेमाल किया जा रहा था। इसके अलावा वर्ष 2023 से वाहन की फिटनेस, परमिट, बीमा और प्रदूषण संबंधी दस्तावेज भी पूरे नहीं थे। परिवहन विभाग ने वाहन को परिवहन कार्यालय बदायूं में सीज कर दिया।

एआरटीओ हरिओम ने बताया कि इस मामले में स्कूल प्रबंधन की गंभीर लापरवाही सामने आई है। स्कूल के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी। एक अन्य स्कूली वाहन की फिटनेस अवधि समाप्त मिली, जिसे भी सीज कर दिया गया। वहीं पांच अन्य स्कूली वाहन निर्धारित मानकों के अनुरूप नहीं पाए गए। इसके अलावा एक निजी वाहन का इस्तेमाल स्कूली बच्चों के परिवहन में किया जा रहा था। इन सभी के खिलाफ चालान की कार्रवाई की गई।

फिटनेस समाप्त वाहनों की बनाई रेड लिस्ट

परिवहन विभाग ने फिटनेस समाप्त हो चुके स्कूली वाहनों की रेड लिस्ट भी तैयार की है। इसमें बाबा इंटरनेशनल स्कूल बिल्सी के नौ, ब्लूमिंगडेल स्कूल के चार, टीटी कॉन्वेंट स्कूल के चार, अल हफीज एजुकेशन एकेडमी के दो, एपीएस इंटरनेशनल स्कूल के दो, नेशनल पब्लिक स्कूल अलापुर के दो वाहन शामिल हैं। विभाग के अनुसार संबंधित स्कूलों को दो बार नोटिस भेजे जाने के बावजूद वाहनों की फिटनेस नहीं कराई गई है। अब इन वाहनों के पंजीयन निलंबन और निरस्तीकरण की कार्रवाई की जा रही है।

मेडिकल कॉलेज की दो एंबुलेंस भी सीज

जांच के दौरान मेडिकल कॉलेज बदायूं में दो एंबुलेंस भी बिना फिटनेस और बिना पंजीयन के संचालित मिलीं। परिवहन विभाग ने दोनों एंबुलेंस को भी सीज कर परिवहन कार्यालय में खड़ा करा दिया।

एआरटीओ ने सभी स्कूल संचालकों से अपील की है कि वे स्कूली वाहनों के सभी दस्तावेज पूर्ण रखें और समय से वाहनों की फिटनेस कराएं। जिन वाहनों के परमिट या अन्य जरूरी दस्तावेज अधूरे हैं, उन्हें तत्काल पूरा कराया जाए। विभाग ने स्पष्ट किया है कि स्कूली वाहनों के खिलाफ यह अभियान लगातार जारी रहेगा।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here