अनियंत्रित डंपर ने छीना देश का भावी सैनिक, हादसे में युवक की मौत, दूसरा गंभीर
बिसौली : गुरुवार की सुबह एक भीषण और दर्दनाक सड़क हादसे ने पूरे क्षेत्र को झकझोर कर रख दिया। बिसौली-आसफपुर मार्ग पर एक अनियंत्रित और तेज रफ्तार डंपर (ट्रक) ने बाइक सवार दो युवाओं को रौंद दिया। इस भयानक टक्कर में 18 वर्षीय तरुण यादव की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई, जबकि उनका साथी अर्पित गंभीर रूप से घायल हो गय, जिसे बरेली उपचार हेतु भेजा गया।
गुलड़िया निवासी तरुण यादव पुत्र मनोज यादव और अर्पित पुत्र रामनिवास यादव आपस में गहरे दोस्त थे। देश सेवा का जज्बा रखने वाले दोनों युवाओं का हाल ही में भारतीय सेना (फौज) में चयन हुआ था। गुरुवार सुबह दोनों दोस्त खेल मैदान से अपनी शारीरिक तैयारी और रनिंग पूरी कर बाइक से घर लौट रहे थे। इसी दौरान बदरपुर लेकर गुजर रहे एक तेज रफ्तार डंपर ने उनकी बाइक को जोरदार टक्कर मार दी। हादसे के बाद दोनों को तुरंत स्थानीय निजी अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने तरुण को मृत घोषित कर दिया। वहीं, गंभीर रूप से घायल अर्पित को प्राथमिक उपचार के बाद तुरंत बरेली हायर सेंटर सघन उपचार के लिए रेफर कर दिया गया। तरुण अपने पिता का इकलौता बेटा था। उनके पिता बिसौली नवीन मंडी में चालक के पद पर कार्यरत हैं। अस्पताल के बाहर एम्बुलेंस में पड़े तरुण के शव को देखकर परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल था। स्थानीय लोगों के अनुसार, आसफपुर मार्ग पर बदरपुर ढोने वाले भारी ट्रक और डंपर अक्सर बेकाबू रफ्तार से दौड़ते हैं, जिससे पहले भी कई हादसे हो चुके हैं। प्रशासन से लगातार शिकायत के बावजूद इन पर कोई सख्त कार्रवाई नहीं हो रही है।





