Home Breaking News बहगुल नदी में अधेड़ की तलाश दूसरे दिन भी जारी, शव नहीं...

बहगुल नदी में अधेड़ की तलाश दूसरे दिन भी जारी, शव नहीं मिला

0
204

बहगुल नदी में अधेड़ की तलाश दूसरे दिन भी जारी, शव नहीं मिला

 

रविवार को दिनभर पुलिस और गोताखोरों ने चलाया सर्च ऑपरेशन, तेज बहाव के चलते तलाश में आ रही मुश्किल

फतेहगंज पूर्वी। थाना क्षेत्र में बहगुल नदी में शनिवार को छलांग लगाने वाले अधेड़ राजेश (57) का दूसरे दिन रविवार को भी कोई सुराग नहीं लग सका। पुलिस और गोताखोरों ने नदी में दिनभर सर्च ऑपरेशन चलाया, लेकिन देर शाम तक शव बरामद नहीं हो सका।

 

शनिवार को अधेड़ के नदी में छलांग लगाने की सूचना से क्षेत्र में हड़कंप मच गया था। सूचना पर थाना प्रभारी राजकुमार सिंह पुलिस फोर्स के साथ मौके पर पहुंचे थे। घटनास्थल के पास मिली मोटरसाइकिल के आधार पर अधेड़ की पहचान राजेश पुत्र राम औतार पंडित, निवासी हतसा, थाना खुदागंज, शाहजहांपुर के रूप में हुई थी। मौके से उसकी हीरो डीलक्स बाइक संख्या UP25DP9031 भी मिली थी।

 

दूसरे दिन भी नदी में उतरे गोताखोर

 

रविवार सुबह पुलिस ने एक बार फिर तलाश अभियान शुरू कराया। गोताखोरों ने नदी के अलग-अलग हिस्सों में उतरकर अधेड़ की तलाश की। बहगुल नदी इस समय तेज बहाव के साथ रौद्र रूप में बह रही है, जिससे सर्च ऑपरेशन में काफी दिक्कतें सामने आ रही हैं। पुलिस टीम ने नदी के आसपास के हिस्सों को भी खंगाला, लेकिन सफलता नहीं मिली।

 

घटना की जानकारी के बाद नदी किनारे रविवार को भी लोगों की भीड़ जुटी रही। पुलिस लगातार स्थिति पर नजर बनाए रही और गोताखोरों के साथ मिलकर संभावित स्थानों पर तलाश कराई।

 

छलांग लगाने का कारण अब तक साफ नहीं

 

राजेश ने नदी में छलांग क्यों लगाई, इसका कारण अभी स्पष्ट नहीं हो सका है। पुलिस परिजनों से भी घटना के संबंध में जानकारी जुटा रही है। फिलहाल पुलिस और गोताखोर लगातार तलाश में जुटे हैं। अधेड़ का शव बरामद होने के बाद ही घटना की स्थिति और आगे की कार्रवाई स्पष्ट हो सकेगी।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here