पीडीए महापंचायत में उमड़ी भीड़, आदित्य यादव बोले- 2027 में बनेगी सपा सरकार
जागरण मोर्चा कार्यालय
बदायूं। मढ़िया भांसी रोड स्थित शिव मंदिर के पास रविवार को सपा की ओर से पीडीए महापंचायत आयोजित की गई। इसमें लोधी समाज के साथ पिछड़े, दलित और अल्पसंख्यक वर्ग के लोगों ने बड़ी संख्या में भाग लिया। आयोजकों ने हजारों लोगों के पहुंचने का दावा किया। महापंचायत में आगामी विधानसभा चुनाव को लेकर पीडीए के तहत विभिन्न वर्गों को एकजुट करने और संगठन मजबूत करने पर जोर दिया गया।
मुख्य अतिथि सांसद आदित्य यादव ने कहा कि महापंचायत में उमड़ी भीड़ ने सपा के प्रति विश्वास जताया है। उन्होंने दावा किया कि 2027 के विधानसभा चुनाव में सपा की सरकार बनेगी और अखिलेश यादव मुख्यमंत्री होंगे। उन्होंने बदायूं की सभी छह विधानसभा सीटों पर सपा की जीत का भरोसा जताया। भाजपा सरकार पर बदायूं की अनदेखी और भ्रष्टाचार का आरोप लगाते हुए उन्होंने कहा कि पीडीए का उद्देश्य पिछड़े, दलित और अल्पसंख्यक समाज को एक मंच पर लाना है।
आदित्य यादव ने भाजपा पर महापंचायत को विफल कराने के प्रयास का आरोप लगाया। उन्होंने मेडिकल कॉलेज की व्यवस्थाओं और किसानों को खाद न मिलने का मुद्दा भी उठाया। आरोप लगाया कि खाद के साथ किसानों पर अन्य सामग्री खरीदने का दबाव बनाया जा रहा है। उन्होंने सरकार पर सपा की योजनाओं के नाम बदलने और वोट काटे जाने का भी आरोप लगाया।
आयोजक लक्ष्मण प्रसाद लोधी ने कहा कि कार्यक्रम के लिए जगह मिलने में अड़चनें आईं, इसके बावजूद बड़ी संख्या में लोग पहुंचे। पूर्व मंत्री मानपाल सिंह लोधी और पूर्व विधायक आरके शर्मा ने भी भाजपा सरकार पर निशाना साधा। इस दौरान जिलाध्यक्ष आशीष यादव, अतुल पटेल, मोहतशाम सिद्दीकी, हरीश शंखदार और डॉ. जीराज यादव समेत कई नेता मौजूद रहे।





