जागरण मोर्चा कार्यालय
दढ़ियाल| दढ़ियाल-काशीपुर मार्ग पर बुधवार सुबह बस का इंतजार कर रहे 65 वर्षीय वृद्ध विजय पाल सिंह की मौत हो गई। यह हादसा टाटा मैजिक के अनियंत्रित होकर खाई में गिरने से हुआ। हादसे में सवार सात अन्य लोग भी घायल हो गए।
बुधवार सुबह करीब 11 बजे पर्वतपुर निवासी विजय पाल सिंह पुत्र नौबत सिंह, रामपुर धम्मन गांव के सामने काशीपुर जाने के लिए बस का इंतजार कर रहे थे। इसी दौरान दढ़ियाल की ओर से आ रहा एक छोटा हाथी वाहन, सामने से ओवरटेक कर रही एक स्विफ्ट कार से बचने के चक्कर में अनियंत्रित हो गया। वाहन ने वृद्ध को टक्कर मारी और खाई में जा गिरा। हादसे में वृद्ध विजय पाल सिंह और छोटे हाथी में सवार राजस्थान के एक परिवार के सात सदस्य घायल हो गए। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने एंबुलेंस की मदद से छोटे हाथी में सवार घायलों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र टांडा भेजा, जहां से गंभीर हालत को देखते हुए उन्हें रामपुर रेफर कर दिया गया। गंभीर रूप से घायल विजय पाल सिंह को उनके परिजन उत्तराखंड के काशीपुर ले गए, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। विजय पाल सिंह की मौत की खबर से परिजनों में शोक छा गया। परिजनों ने बिना पोस्टमार्टम कराए ही वृद्ध का अंतिम संस्कार कर दिया।पुलिस ने छोटे हाथी वाहन को कब्जे में लेकर त्रिवेणी शुगर मिल में खड़ा कर दिया है। चौकी प्रभारी प्रशांत कुमार ने बताया कि इस संबंध में अभी तक कोई तहरीर नहीं मिली है। तहरीर मिलने पर नियमानुसार आगे की कार्रवाई की जाएगी।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here