ऑपरेशन के पैसों को लेकर हंगामा, मरीज से मारपीट के आरोप में रामा हॉस्पिटल का घेराव
जागरण मोर्चा कार्यालय
बदायूं। शहर के इंद्रा चौक स्थित रामा हॉस्पिटल शनिवार को उस समय विवादों में घिर गया, जब पथरी के ऑपरेशन को लेकर पहुंचे एक मरीज और उसके परिजनों ने डॉक्टर व अस्पताल स्टाफ पर मारपीट का आरोप लगाया। घटना के बाद बड़ी संख्या में परिजन और स्थानीय लोग अस्पताल पहुंच गए और घेराव कर विरोध-प्रदर्शन किया।
पीड़ित देव पाठक निवासी बदायूं के मुताबिक, वह अपने माता-पिता के साथ पथरी का ऑपरेशन कराने अस्पताल पहुंचे थे। आरोप है कि डॉक्टर ने ऑपरेशन के लिए करीब 40 हजार रुपये खर्च बताया। जब उन्होंने फीस में कुछ रियायत की बात कही तो डॉक्टर नाराज हो गए और कथित तौर पर उनकी फाइल फेंकते हुए अपमानजनक टिप्पणी की।
देव का आरोप है कि उनके पिता द्वारा विरोध जताने पर मामला और बिगड़ गया। इसके बाद डॉक्टर और अस्पताल स्टाफ ने मुख्य गेट बंद कर दिया और उनके साथ मारपीट की। घटना के बाद अस्पताल परिसर में अफरा-तफरी मच गई।
सूचना पर पहुंची पुलिस ने स्थिति को नियंत्रित किया और मामले की जांच शुरू कर दी है। पीड़ित परिवार ने दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है।





