डीएम को धमकी का ऑडियो वायरल, एफआईआर की तैयारी तेज

पीलीभीत। जनपद के पूरनपुर मंडी विवाद ने अब गंभीर रूप ले लिया है। अन्नदाता किसान यूनियन के प्रदेश सचिव बलजिंदर सिंह पर जिलाधिकारी ज्ञानेंद्र सिंह के ओएसडी को फोन कर डीएम को जान से मारने की धमकी देने का आरोप लगा है। इस बातचीत का कथित ऑडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है, जिससे प्रशासन में हड़कंप मच गया है।
जानकारी के अनुसार, पूरनपुर मंडी में गेहूं की तौल बाधित होने और किसानों की लंबित समस्याओं के समाधान में देरी को लेकर किसान नेता पहले से नाराज थे। इसी आक्रोश में उन्होंने कथित रूप से जिलाधिकारी के ओएसडी को फोन कर धमकी दे डाली। वायरल ऑडियो में वे कहते सुनाई दे रहे हैं कि यदि डीएम मंडी में आए तो उन्हें “घेरकर मार दिया जाएगा”, चाहे इस पर कोई भी कार्रवाई क्यों न हो।
मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस प्रशासन सतर्क हो गया है। वायरल ऑडियो को साक्ष्य के रूप में सुरक्षित कर जांच शुरू कर दी गई है। सूत्रों के मुताबिक, आरोपी के खिलाफ जल्द ही एफआईआर दर्ज की जा सकती है। वरिष्ठ अधिकारी स्थिति पर नजर बनाए हुए हैं और कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए आवश्यक कदम उठाए जा रहे हैं।
इस घटना ने एक बार फिर यह सवाल खड़ा कर दिया है कि जनसमस्याओं को लेकर विरोध दर्ज कराने का तरीका संवैधानिक दायरे में ही होना चाहिए। प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि किसी भी प्रकार की धमकी या कानून हाथ में लेने की कोशिश बर्दाश्त नहीं की जाएगी।






