Home Breaking News धूमधाम से निकली भगवान श्रीराम की बारात, काली अखाड़ा बना आकर्षण का...

धूमधाम से निकली भगवान श्रीराम की बारात, काली अखाड़ा बना आकर्षण का केंद्र

0
32

धूमधाम से निकली भगवान श्रीराम की बारात, काली अखाड़ा बना आकर्षण का केंद्र

देवी-देवताओं की मनमोहक झांकियों ने मोहा श्रद्धालुओं का मन, भक्तिमय धुनों से गूंजा खितौरा

जागरण मोर्चा कार्यालय

सहसवान। उघैती थाना क्षेत्र के कस्बा खितौरा में भगवान श्रीराम की बारात धूमधाम और हर्षोल्लास के साथ निकाली गई। शोभायात्रा में देवी-देवताओं की आकर्षक झांकियां और काली अखाड़े के कलाकारों के हैरतअंगेज करतब मुख्य आकर्षण रहे। बारात के स्वागत और दर्शन के लिए रास्ते में जगह-जगह श्रद्धालुओं की भीड़ उमड़ी। बैंड-बाजों की भक्तिमय धुनों से पूरा कस्बा राममय हो गया।

शोभायात्रा के शुभारंभ से पहले बाजार मालिक एवं समाजसेवी ठाकुर प्रदीप कुमार सिंह ने भगवान श्रीराम की आरती उतारी और तिलक कर बारात की अगवानी की। इसके बाद विधिवत पूजा-अर्चना के साथ बारात रवाना हुई। श्रद्धालु भक्ति और उत्साह के साथ शोभायात्रा में शामिल हुए।

राम बारात स्थल से शुरू हुई शोभायात्रा भारद्वाज मार्केट, सहसवान-बिसौली रोड, महलेली रोड, होली चौक, डाकखाना रोड, रियोनाई रोड और प्राचीन देवी मंदिर से होते हुए मेला ग्राउंड पहुंचकर संपन्न हुई। मार्ग के दोनों ओर खड़े लोगों ने झांकियों के दर्शन कर धार्मिक आयोजन का आनंद लिया।

बारात में भगवान श्रीराम-माता सीता, राधा-कृष्ण, मां दुर्गा, भारत माता, भगवान गणेश और भगवान शिव-पार्वती सहित दर्जनों देवी-देवताओं की झांकियां शामिल रहीं। आकर्षक सजावट और रंग-बिरंगे परिधानों से सजी झांकियों ने सभी का मन मोह लिया। वहीं, काली अखाड़े के कलाकारों ने अपनी कला और करतबों से दर्शकों की खूब तालियां बटोरीं।

शोभायात्रा को शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने के लिए उघैती थानाध्यक्ष उदयवीर सिंह पुलिस बल के साथ मौजूद रहे और सुरक्षा व्यवस्था पर नजर रखी।

इस मौके पर मेला कमेटी अध्यक्ष रूपकिशोर गुप्ता, महाराज सिंह, तिलक सिंह, किशोरी पाल, योगेश गिरि, सुनील राणा, बलराम पाठक, केंद्रपाल सोलंकी, रविशंकर भारद्वाज, अमन कुमार सिंह, नरेंद्र भारद्वाज, नितिन कुमार, वंश गुप्ता, शेखर सिंघानिया, मयंक गुप्ता, प्रियांशु भारद्वाज, पुष्पराज, पान सिंह और रजनेश गिरि सहित मेला कमेटी के अन्य पदाधिकारी मौजूद रहे।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here