Home Breaking News सितारगंज को दो नई 1.81 करोड़ सड़कों की सौगात,ग्रामीणों ने खुशी जताते...

सितारगंज को दो नई 1.81 करोड़ सड़कों की सौगात,ग्रामीणों ने खुशी जताते हुए मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी और कैबिनेट मंत्री सौरभ बहुगुणा का आभार किया व्यक्त

0
92

सितारगंज को दो नई 1.81 करोड़ सड़कों की सौगात

ग्रामीणों ने खुशी जताते हुए मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी और कैबिनेट मंत्री सौरभ बहुगुणा का आभार किया व्यक्त

 

जागरण मोर्चा कार्यालय
सितारगंज। विधानसभा क्षेत्र के ग्रामीण अंचलों में राज्य योजना के अंतर्गत 7.150 किलोमीटर लंबाई की दो सड़कों के निर्माण के लिए कुल 181.15 लाख रुपये की प्रशासनिक , वित्तीय स्वीकृति जारी कर दी गई है। अपर सचिव महावीर सिंह चौहान ने दोनों परियोजनाओं का शासनादेश (जीओ) जारी किया। स्वीकृति मिलने के बाद क्षेत्र के लोगों में खुशी का माहौल है और ग्रामीणों ने कैबिनेट मंत्री सौरभ बहुगुणा का आभार व्यक्त किया है।
कैबिनेट मंत्री सौरभ बहुगुणा ने बताया कि पहली परियोजना के तहत ग्राम गोविंदनगर, शक्तिफार्म में पड़ागांव चौराहे से गोविंदनगर की आबादी होते हुए ग्राम रंजीतनगर तक 3.650 किलोमीटर लंबी सड़क का निर्माण किया जाएगा। इस सड़क के लिए राज्य योजना से 92.39 लाख रुपये की प्रशासनिक एवं वित्तीय स्वीकृति प्रदान की गई है। सड़क बनने से गोविंदनगर, रंजीतनगर सहित आसपास के गांवों के लोगों को वर्षभर सुगम आवागमन की सुविधा मिलेगी।
दूसरी परियोजना के तहत ग्राम गऊघाट में प्रधान के घर से पुल की ओर जाने वाले 3.500 किलोमीटर लंबे मार्ग के निर्माण के लिए 88.76 लाख रुपये की मंजूरी दी गई है। इस सड़क के निर्माण से ग्रामीणों को आवागमन में होने वाली कठिनाइयों से राहत मिलेगी। साथ ही किसानों को अपनी कृषि उपज बाजार तक पहुंचाने में सुविधा होगी और क्षेत्र का विकास भी गति पकड़ेगा।
मंत्री सौरभ बहुगुणा ने कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों में बेहतर सड़क नेटवर्क उनकी प्राथमिकताओं में शामिल है। क्षेत्रवासियों की मांग पर लोक निर्माण विभाग ने दोनों सड़कों के प्रस्ताव तैयार कर शासन को भेजे थे, जिन्हें अब स्वीकृति मिल गई है। उन्होंने कहा कि सड़क निर्माण से शिक्षा, स्वास्थ्य, कृषि और व्यापारिक गतिविधियों को भी बढ़ावा मिलेगा तथा ग्रामीणों का सफर पहले की तुलना में अधिक सुरक्षित और आसान होगा।
लोक निर्माण विभाग के अपर सहायक अभियंता सत्यपाल सिंह ने बताया कि शासन से मंजूरी मिलने के बाद अब टेंडर प्रक्रिया जल्द शुरू की जाएगी। सभी औपचारिकताएं पूरी होते ही निर्माण कार्य प्रारंभ कर दिया जाएगा। विभाग का प्रयास रहेगा कि निर्धारित समय सीमा के भीतर दोनों सड़कें बनकर तैयार हों ताकि क्षेत्र की जनता को जल्द से जल्द इसका लाभ मिल सके।
शासन की मंजूरी मिलने की खबर के बाद गोविंदनगर, रंजीतनगर और गऊघाट क्षेत्र के ग्रामीणों ने खुशी जताते हुए मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी और कैबिनेट मंत्री सौरभ बहुगुणा का आभार व्यक्त किया। ग्रामीणों का कहना है कि लंबे समय से इन सड़कों के निर्माण की मांग की जा रही थी। सड़क बनने से बरसात के दौरान होने वाली परेशानी समाप्त होगी और क्षेत्र के विकास को नई गति मिलेगी।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here