गंगाजल लेकर लौट रहे परिवार पर टूटा दुखों का पहाड़, सड़क हादसे में मां-बेटी की मौत
रामपुर के मिलक में डिवाइडर से टकराई स्कूटी, नींद की झपकी बनी हादसे की वजह; दो बच्चे और पति सुरक्षित

जागरण मोर्चा, कार्यालय
बरेली। सावन में हरिद्वार से गंगाजल लेकर लौट रहे एक परिवार की खुशियां सड़क हादसे ने पलभर में उजाड़ दीं। रामपुर के मिलक क्षेत्र में सोमवार तड़के स्कूटी अनियंत्रित होकर डिवाइडर से टकरा गई। हादसे में महिला की मौके पर मौत हो गई, जबकि उनकी बेटी ने उपचार के दौरान दम तोड़ दिया। घटना के बाद परिवार और मोहल्ले में शोक की लहर दौड़ गई।
प्रेमनगर थाना क्षेत्र के राजेंद्रनगर स्थित पटेल नगर निवासी कपिल खंडेलवाल रविवार को अपनी पत्नी तृप्ति गुप्ता (50), बड़ी बेटी श्री (19), छोटी बेटी दिव्या (17) और बेटे कार्तिक (12) के साथ हरिद्वार से गंगाजल लेकर लौट रहे थे। परिवार दो दोपहिया वाहनों पर सवार था। तृप्ति और उनकी बड़ी बेटी श्री एक स्कूटी पर थीं, जबकि कपिल दूसरी बाइक से दिव्या और कार्तिक को लेकर पीछे चल रहे थे।
सोमवार सुबह करीब चार बजे मिलक क्षेत्र के लोहा गांव के पास हाईवे पर चलते समय स्कूटी अचानक अनियंत्रित होकर डिवाइडर से टकरा गई। हादसा इतना भीषण था कि मां-बेटी गंभीर रूप से घायल हो गईं। सूचना पर पहुंची पुलिस ने दोनों को अस्पताल पहुंचाया, जहां चिकित्सकों ने तृप्ति गुप्ता को मृत घोषित कर दिया। गंभीर रूप से घायल श्री को पहले रामपुर जिला अस्पताल और फिर हायर सेंटर रेफर किया गया, लेकिन बरेली लाते समय रास्ते में उसने भी दम तोड़ दिया।
पुलिस ने महिला के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया, जबकि बेटी का शव परिजन बिना पोस्टमार्टम कराए अपने साथ बरेली ले आए। एक साथ मां और बेटी की मौत से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है।
बताया जाता है कि कपिल खंडेलवाल धार्मिक प्रवृत्ति के हैं और परिवार के साथ नियमित रूप से तीर्थ यात्राएं करते थे। बड़ी बेटी श्री ने इसी वर्ष इंटरमीडिएट और छोटी बेटी दिव्या ने हाईस्कूल की परीक्षा उत्तीर्ण की थी।
मिलक पुलिस का कहना है कि प्रारंभिक जांच में चालक को नींद की झपकी आने से स्कूटी अनियंत्रित होकर डिवाइडर से टकराने की बात सामने आई है। मामले की जांच की जा रही है।




