जन्माष्टमी पर मंदिरों के आसपास रही कड़ी यातायात व्यवस्था
संवाददाता मयूर खान
जागरण मोर्चा कार्यालय
आगरा।
श्रीकृष्ण जन्माष्टमी पर्व को देखते हुए आगरा शहर में यातायात व्यवस्था को सुगम, सुरक्षित और व्यवस्थित बनाए रखने के लिए पुलिस ने कई दिन पहले से तैयारियां शुरू कर दी थी। पुलिस उपायुक्त यातायात सोनम कुमार ने शहर के प्रमुख मंदिरों समेत सनातन धर्म मंदिर का स्थलीय निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का लगातार जायजा लिया।
निरीक्षण के दौरान पुलिस उपायुक्त ने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए थे कि जन्माष्टमी पर मंदिरों में उमड़ने वाली संभावित भीड़ को ध्यान में रखते हुए यातायात प्रबंधन की प्रभावी कार्ययोजना तैयार की जाए। जरूरत के अनुसार यातायात डायवर्जन और वैकल्पिक मार्गों की व्यवस्था पहले से सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए, ताकि पर्व के दौरान वाहनों का आवागमन निर्बाध बना रहे।
उन्होंने मंदिरों के आसपास अनधिकृत पार्किंग और यातायात अवरोध पैदा करने वाले वाहनों पर प्रभावी नियंत्रण रखने के साथ निर्धारित पार्किंग स्थलों का अधिक से अधिक उपयोग कराने को कहा। इसके अलावा जन्माष्टमी के दौरान पर्याप्त संख्या में यातायात पुलिसकर्मियों की ड्यूटी लगाने के निर्देश भी दिए गए।
विशेष रूप से मंदिरों के प्रवेश और निकास मार्गों, प्रमुख चौराहों, पार्किंग स्थलों तथा संभावित भीड़ वाले स्थानों पर पुलिसकर्मियों की प्रभावी तैनाती की जाएगी। अधिकारियों को निर्देशित किया गया कि श्रद्धालुओं को आवागमन में किसी तरह की परेशानी न हो और भीड़ के दौरान यातायात व्यवस्था सुचारु बनी रहे।यही वज़ह रही कि जन्माष्टमी के पर्व पर यातायात व्यवस्था सही रही शहर में कहीं जाम नहीं लगा।






