पिकअप की टक्कर से बाइक सवार महिला की मौत, ब्रेड से भरी पिकअप पलटी
परमानंदपुर के पास एफएम हाईवे पर हादसा, चालक वाहन छोड़कर फरार; अस्पताल में भर्ती रिश्तेदार को देखने चंदौसी जा रहा था परिवार
औरछी । एफएम हाईवे पर परमानंदपुर के समीप रविवार को तेज रफ्तार पिकअप की टक्कर से बाइक सवार महिला की मौके पर ही मौत हो गई। हादसे के बाद ब्रेड से भरी पिकअप अनियंत्रित होकर सड़क पर पलट गई। दुर्घटना के बाद पिकअप चालक मौके से फरार हो गया। पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए भेजकर फरार चालक की तलाश शुरू कर दी है।
थाना फैजगंज बेहटा क्षेत्र के गांव धन्यावाली निवासी अशरफ अपनी पत्नी मुनिजा और बच्चे के साथ बाइक से चंदौसी जा रहे थे। बताया गया कि चंदौसी के एक अस्पताल में उनका रिश्तेदार भर्ती है, जिसे देखने के लिए परिवार घर से निकला था। रविवार को एफएम हाईवे पर परमानंदपुर के पास धर्मेंद्र की आढ़त के सामने पहुंचते ही बिसौली की ओर से आ रही तेज रफ्तार पिकअप ने उनकी बाइक में सामने से जोरदार टक्कर मार दी।
टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि बाइक सवार मुनिजा दूर जा गिरीं और उनकी मौके पर ही मौत हो गई। हादसे के बाद पिकअप भी अनियंत्रित होकर सड़क पर पलट गई। दुर्घटना के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई और राहगीरों की भीड़ जमा हो गई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस ने क्षतिग्रस्त वाहनों को कब्जे में लेकर पिकअप चालक की तलाश शुरू कर दी है। हादसे की सूचना मिलते ही मृतका के परिवार में कोहराम मच गया।





