निर्माणाधीन छत भरभराकर गिरी, तीन लोग मलबे में दबे, इलाज के दौरान एक की मौत
आधा लिंटर पड़ने के बाद हुआ हादसा, तीनों घायलों की हालत गंभीर; जेसीबी से ग्रामीणों ने किया रेस्क्यू
जागरण मोर्चा कार्यालय
उसहैत।
नौगामा नसीनगर गांव में पन्नालाल के मकान पर लिंटर डालने का काम चल रहा था। बताया गया कि छत के आधे हिस्से पर लिंटर पड़ चुका था। इसी दौरान अचानक निर्माणाधीन लिंटर भरभराकर नीचे गिर गया। हादसे में वहां काम कर रहे मजदूर समेत तीन लोग मलबे में दब गए। घटना के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई और बड़ी संख्या में ग्रामीण एकत्र हो गए।इलाज के दौरान अवनीश ने जिला अस्पताल में दम तोड़ दिया।
मलबे में दबने वालों में मजदूर चंद्रभान पुत्र रतन सिंह (40), मकान मालिक पन्नालाल पुत्र धर्मपाल (35) और पन्नालाल का साला अवनीश पुत्र राजपाल निवासी मदनपुर, थाना कलान शामिल हैं। हादसे की सूचना मिलते ही थाना प्रभारी निरीक्षक देवेंद्र कुमार सिंह पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंच गए। उन्होंने तत्काल तीन जेसीबी मशीनें मौके पर बुलवाईं।
प्रधान सतीश यादव समेत सैकड़ों ग्रामीणों की मदद से पुलिस और ग्रामीणों ने राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया। काफी प्रयास के बाद तीनों लोगों को मलबे से बाहर निकाला गया। प्रभारी निरीक्षक ने तीनों घायलों को एंबुलेंस की मदद से जिला अस्पताल भिजवाया। बताया जा रहा है कि तीनों की हालत गंभीर है और उनका उपचार चल रहा है।
ठेकेदार और राजमिस्त्री मौके से भागे
हादसे के बाद निर्माण कार्य करा रहा ठेकेदार और राजमिस्त्री कथित तौर पर निर्माण सामग्री मौके पर छोड़कर वहां से चले गए। घटना के बाद ग्रामीणों में निर्माण कार्य की गुणवत्ता और सुरक्षा व्यवस्था को लेकर चर्चा रही। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर राहत कार्य कराया और घटना की जानकारी जुटाई। हादसे के कारणों की जांच के बाद ही स्थिति स्पष्ट हो सकेगी। वही देर रात जिलाध्यक्ष अस्पताल में इलाज के दौरान अवनीश की मौत हो गई। पुलिस ने शव को मोर्चरी में रखवाया है। परिवार में कोहराम मचा हुआ है।





