Home Breaking News भैंस चोरी के मुकदमे में वांछित हिस्ट्रीशीटर पुलिस मुठभेड़ में गिरफ्तार ...

भैंस चोरी के मुकदमे में वांछित हिस्ट्रीशीटर पुलिस मुठभेड़ में गिरफ्तार पुलिस की जवाबी कार्रवाई में दोनों पैरों में लगी गोली, सिपाही भी घायल

0
167

भैंस चोरी के मुकदमे में वांछित हिस्ट्रीशीटर पुलिस मुठभेड़ में गिरफ्तार

 

पुलिस की जवाबी कार्रवाई में दोनों पैरों में लगी गोली, सिपाही भी घायल

 

तमंचा, कारतूस और बिना नंबर की अपाचे बाइक बरामद; 38 मुकदमे दर्ज होने का दावा

जागरण मोर्चा कार्यालय

इस्लामनगर। थाना क्षेत्र में भैंस चोरी के मुकदमों में वांछित चल रहे हिस्ट्रीशीटर को पुलिस ने मुठभेड़ के दौरान गिरफ्तार कर लिया। पुलिस के मुताबिक चेकिंग के दौरान बाइक सवार बदमाश ने पुलिस टीम पर जान से मारने की नीयत से फायरिंग कर दी। जवाबी कार्रवाई में आरोपी के दोनों पैरों में गोली लगी। वहीं फायरिंग में एक सिपाही भी घायल हो गया। दोनों को उपचार के लिए जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

 

पुलिस के अनुसार, थाना इस्लामनगर में दर्ज भैंस चोरी के मुकदमे में वांछित आरोपी शौकीन उर्फ शानू उर्फ शौकत पुत्र नसीर धोबी निवासी मोहल्ला मुस्तफाबाद, कस्बा इस्लामनगर की गिरफ्तारी के लिए अभियान चलाया जा रहा था। इसी दौरान पांच-छह सितंबर की रात मुखबिर से सूचना मिली कि आरोपी सफेद रंग की अपाचे बाइक से भवानीपुर से बिसौली रोड की ओर आ रहा है।

 

सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने भवानीपुर जाने वाले रास्ते पर चेकिंग शुरू कर दी। कुछ देर बाद सफेद रंग की अपाचे बाइक आती दिखाई दी। पुलिस ने बाइक सवार को रोकने का प्रयास किया तो उसने पुलिस टीम पर फायरिंग कर दी। फायरिंग में आरक्षी काले सिंह घायल हो गए। इसके बाद पुलिस ने जवाबी कार्रवाई की, जिसमें बाइक सवार शौकीन के दोनों पैरों में गोली लगी और वह घायल हो गया।

 

पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर उसके कब्जे से 315 बोर का एक तमंचा, तीन खोखे, एक जिंदा कारतूस और बिना नंबर प्लेट की अपाचे मोटरसाइकिल बरामद की। घायल आरोपी और सिपाही को प्राथमिक उपचार के लिए जिला अस्पताल बदायूं भेजा गया। पुलिस का कहना है कि आरोपी थाना इस्लामनगर का हिस्ट्रीशीटर है।

 

पुलिस के मुताबिक आरोपी के खिलाफ बदायूं और संभल जनपद के विभिन्न थानों में हत्या के प्रयास, चोरी, लूट की तैयारी, गैंगस्टर एक्ट, एनडीपीएस एक्ट और आर्म्स एक्ट समेत करीब 38 मुकदमे दर्ज हैं। इनमें वर्ष 2007 से लेकर वर्ष 2026 तक के मामले शामिल हैं। भैंस चोरी के दोनों मुकदमों में उसके एक सहयोगी शाहरूख पुत्र फारूख निवासी मिलक लालूबाला, थाना भोजपुर, जिला मुरादाबाद को पांच सितंबर को जेल भेजे जाने की भी जानकारी पुलिस ने दी है।

 

पुलिस के अनुसार आरोपी के खिलाफ मुठभेड़ और बरामदगी के संबंध में भी थाना इस्लामनगर में अभियोग दर्ज कर आरोपी को कोर्ट में पेश किया जाएगा।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here