इस्लामनगर थाने में भाजपा कार्यकर्ताओं का हंगामा, इंस्पेक्टर पर रिश्वतखोरी के आरोप
काम के बदले रुपये मांगने का आरोप, सिपाहियों को हटाने व निलंबन की उठी मांग
कस्बा चौकी पर तीन-तीन साल से जमे हुए हैं सिपाही, जनता से कर रहे लूट
जागरण मोर्चा कार्यालय
बदायूं। जिले के इस्लामनगर थाना परिसर में शनिवार को उस समय हंगामे की स्थिति बन गई, जब बड़ी संख्या में भाजपा कार्यकर्ता वहां पहुंच गए और पुलिस प्रशासन के खिलाफ जमकर नारेबाजी करने लगे। कार्यकर्ताओं ने थाना प्रभारी पर गंभीर आरोप लगाते हुए कहा कि बिना रुपये लिए थाने में कोई काम नहीं किया जाता है।
भाजपा कार्यकर्ताओं का आरोप है कि कस्बा चौकी पर तैनात कुछ सिपाही कई वर्षों से जमे हुए हैं और क्षेत्र में खुलेआम वसूली कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि इन सिपाहियों के खिलाफ पहले भी कई बार शिकायतें की जा चुकी हैं, लेकिन अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई। इससे क्षेत्र की जनता में भी आक्रोश व्याप्त है।
कार्यकर्ताओं ने आरोप लगाया कि जब वे अपने कुछ कार्यों के लिए थाने पहुंचे तो उनसे भी रुपये की मांग की गई। इससे नाराज होकर उन्होंने थाने में विरोध प्रदर्शन किया। मौके पर मौजूद पुलिसकर्मियों ने उन्हें समझाने का प्रयास किया, लेकिन कार्यकर्ता कार्रवाई की मांग पर अड़े रहे।
हंगामे के दौरान कार्यकर्ताओं ने उच्च अधिकारियों से मांग की कि इस्लामनगर थाना प्रभारी इंस्पेक्टर जितेंद्र पवार को तत्काल हटाया जाए और संबंधित सिपाहियों को निलंबित किया जाए। उनका कहना था कि जब तक कार्रवाई नहीं होती, तब तक उनका विरोध जारी रहेगा।
गौरतलब है कि वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक अंकिता शर्मा द्वारा हाल ही में इंस्पेक्टर जितेंद्र पवार को इस्लामनगर थाने की जिम्मेदारी सौंपी गई थी। मामले को लेकर पुलिस प्रशासन की ओर से जांच की बात कही जा रही है।
एसडीएम के सामने भी हुआ हंगामा
भाजपा कार्यकर्ताओं ने आरोप लगाया है कि राजस्व की टीम ने बेबस दो बच्चियों की जमीन तो नाप कर दे दी लेकिन पुलिस प्रशासन कब्जा नहीं लेने दे रहा है। थाना पुलिस पर रुपये लेकर आरोपियों का बचाव करने का भी आरोप लगाया है।
भाजपा कार्यकर्ताओं व इंस्पेक्टर की नोंकझोंंक का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल
भाजपा कार्यकर्ता शनिवार को थाने में चल रहे थाना दिवस के मौके पर पहुंचे। कार्यकर्ताओं ने कस्बा चौकी पर तैनात तीन सिपाही जो सालों से यहां जमे हुए हैं उनके द्वारा रिश्वतखोरी का आरोप लगाते हुए इंस्पेक्टर पर बिना पैसे लेकर काम न करने का आरोप लगाया। इस पूरे मामले का वीडियो अब सोशल मीडिया पर जमकर वायरल हो रहा है देखना होगा कि इस मामले में तेजतर्रार एसएसपी क्या कार्रवाई करती हैं
वर्जन
कुछ कार्यकर्ता थाना दिवस में आए थे उन्होंने अपनी शिकायत दर्ज कराते हुए विरोध जताया कार्यकर्ताओं को आश्वासन दिया गया है की निष्पक्ष तरीका से जनता का काम किया जाएगा कोई भी कर्मचारी अगर रिश्वत मांगता है या लेता है तो उसके खिलाफ विभागीय कार्रवाई की जाएगी। जितेंद्र पवार, इंस्पेक्टर इस्लामनगर





