Home Breaking News एक ही मंडप में 11 बेटियों के सपनों को मिला आसमान

एक ही मंडप में 11 बेटियों के सपनों को मिला आसमान

विधायक ने नारियल फोड़कर बारात को किया रवाना

0
43

जागरण मोर्चा कार्यालय
रामपुर| सामाजिक सरोकारों की मिसाल पेश करते हुए लायंस क्लब रामपुर रॉयल ने 11 कन्याओं के विवाह का भव्य आयोजन कर शहर को भावुक कर देने वाला दृश्य दिया। यह सिर्फ एक सामूहिक विवाह नहीं था, बल्कि 11 परिवारों की उम्मीदों, आशीर्वाद और नई शुरुआत का उत्सव था।
समारोह की शुरुआत रंगोली मंडप से 11 दूल्हों की भव्य बारात के साथ हुई। शहर विधायक आकाश सक्सेना ने फीता काटकर और नारियल फोड़कर बारात को रवाना किया। बैंड-बाजों और ढोल-नगाड़ों की गूंज उठी, पूरा माहौल उत्सव में बदल गया। बारात स्टेट बैंक, राजद्वारा, मिस्टन गंज, चौकी हाजियानी से होते हुए सराय गेट के रास्ते उत्सव पैलेस पहुंची। जगह-जगह पुष्पवर्षा कर बारात का स्वागत किया गया। सजी-धजी बग्गियों पर विराजमान दूल्हों का रूप सचमुच देवताओं सा प्रतीत हो रहा था। क्लब के सदस्य पूरे जोश के साथ नृत्य करते हुए चल रहे थे। मानो शहर की हर सड़क इस खुशी में शामिल हो गई हो। उत्सव पैलेस पहुंचने पर क्लब की महिला सदस्यों ने पारंपरिक रीति-रिवाजों के साथ बारात का स्वागत किया। इसके बाद शुरू हुआ बहुप्रतीक्षित जयमाला कार्यक्रम। 11 दुल्हनों का आकर्षक श्रृंगार सरिता विश्नोई द्वारा किया गया था, जिससे वे स्वर्ग की अप्सराओं सी दमक रही थीं। महिला सदस्य एक-एक कर दुल्हनों को मंच पर ला रही थीं और जैसे ही जयमाला की रस्म पूरी होती, पूरा पंडाल तालियों की गड़गड़ाहट से गूंज उठता। कार्यक्रम में संरक्षक पूर्व मंत्री शिव बहादुर सक्सेना, विशिष्ट अतिथि के रूप में लायंस क्लब के डिस्ट्रिक्ट गवर्नर विनय सिसोदिया, पंकज बिजलवान, आदित्य गुप्ता ने शामिल होकर सभी वर वधू को आर्शीवाद दिया। मंच पर विराजमान 11 नवविवाहित जोड़ों को शहर की विभिन्न सामाजिक संस्थाओं और समाजसेवियों ने आशीर्वाद स्वरूप उपहार भेंट किए। इस अवसर पर डॉ. अजय सिंहल एवं डॉ. मुक्ता सिंहल ने एक कन्या का विधिवत कन्यादान कर पुण्य अर्जित किया। विदाई का पल आते ही माहौल भावुक हो उठा। भीगी पलकों और भर्राए गलों के बीच बेटियों को घरेलू उपयोगी और आवश्यक सामान देकर ससम्मान विदा किया गया। यह दृश्य हर किसी की आंखें नम कर गया।कार्यक्रम में क्लब अध्यक्ष सोमेश अग्रवाल, सचिव राजेश गोयल और कोषाध्यक्ष सरदार हरजिंदर सिंह ने सभी अतिथियों का आभार व्यक्त किया। मंच संचालन अंकित रस्तोगी ने प्रभावशाली अंदाज में किया, जबकि कार्यक्रम की अध्यक्षता शलभ गोयल ने की। इस अवसर पर दीपक गोयल, सुमित अग्रवाल, दीपक जिंदल, पारस जिंदल, शंकर केडिया, सरदार रणजीत सिंह, कुमोद जिंदल, नितिन गोयल, सौरभ अग्रवाल, अमित अग्रवाल, सुनील भगत, इंद्रजीत सिंह सहित बड़ी संख्या में महिला सदस्य और गणमान्य नागरिक मौजूद रहे।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here