कलयुगी मामा ने भांजे को मारी गोली, मौत; बहन भी गंभीर घायल, सैफई रेफर
शराब के नशे में खूनी वारदात: हत्यारे मामा की तलाश में पुलिस टीम दे रही दबिश
घटनास्थल की जानकारी करती थाना पुलिस व पुलिस अधिकारी
जागरण मोर्चा कार्यालय
बदायूं। जनपद के कादरचौक थाना क्षेत्र में रिश्तों को शर्मसार कर देने वाली घटना सामने आई है, जहां एक कलयुगी मामा ने अपने ही भांजे की गोली मारकर हत्या कर दी, जबकि बीच-बचाव में आई अपनी बहन को भी गोली मारकर गंभीर रूप से घायल कर दिया। घायल महिला को हायर सेंटर सैफई रेफर किया गया है।
जानकारी के अनुसार, कासगंज जनपद के थाना सहावर क्षेत्र के गांव बाजनगर निवासी 22 वर्षीय आकाश पुत्र मलखान के पिता की वर्ष 2007 में कैंसर से मृत्यु हो गई थी। इसके बाद उसकी मां संतोष देवी अपने दोनों बेटों आकाश और विकास के साथ बदायूं के कादरचौक थाना क्षेत्र के गांव वख्तपुर में आकर बस गई थीं। उन्होंने यहां जमीन खरीदकर मकान बनवाया था। उनके मकान के सामने ही संतोष देवी के भाई वीरसिंह पुत्र बृजलाल का घर है।
बताया जाता है कि मंगलवार शाम को मामा वीरसिंह और भांजा आकाश साथ बैठकर शराब पी रहे थे। इसी दौरान किसी बात को लेकर दोनों के बीच विवाद हो गया। विवाद इतना बढ़ गया कि गुस्से में आए वीरसिंह ने तमंचा निकालकर आकाश के सीने में दो गोलियां दाग दीं, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई।
मृतक आकश का फाइल फोटो
गोली चलने की आवाज सुनकर जब संतोष देवी अपने बेटे को बचाने पहुंचीं तो आरोपी ने उन पर भी फायर झोंक दिया, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गईं। घटना की सूचना मिलते ही गांव के प्रधान ने पुलिस को जानकारी दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने घायल महिला और मृतक को मेडिकल कॉलेज पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने आकाश को मृत घोषित कर दिया। वहीं संतोष देवी की गंभीर हालत को देखते हुए उन्हें सैफई हायर सेंटर रेफर कर दिया गया।
घटना की जानकारी मिलते ही अपर पुलिस अधीक्षक नगर अभिषेक कुमार सिंह और क्षेत्राधिकारी उझानी सुनील कुमार सिंह मौके पर पहुंचे। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और फरार आरोपी वीरसिंह की तलाश में टीम गठित कर दी गई है।






