डीएम कार्यालय के बाहर पत्नी-बेटी संग आत्मदाह का प्रयास, LIO और इंटेलिजेंस टीम की सतर्कता से टला बड़ा हादसा
जागरण मोर्चा कार्यालय
बरेली। कलेक्ट्रेट स्थित डीएम कार्यालय के बाहर मंगलवार को एक बड़ा हादसा उस समय टल गया, जब एक व्यक्ति अपनी पत्नी और नाबालिग बेटी के साथ कथित तौर पर आत्मदाह करने पहुंच गया। मौके पर तैनात इंटेलिजेंस और एलआईओ (लोकल इंटेलिजेंस यूनिट) की टीम ने सतर्कता दिखाते हुए परिवार को समय रहते बचा लिया।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, जैसे ही टीम ने व्यक्ति को अपने ऊपर पेट्रोल डालते देखा, अधिकारी तुरंत उसकी ओर दौड़े और उसे काबू में लेकर आग लगाने से रोक दिया। अधिकारियों के मुताबिक, यदि कुछ सेकंड की भी देरी होती तो कलेक्ट्रेट परिसर में बड़ा हादसा हो सकता था।
मौके पर मौजूद अधिकारियों ने बताया कि व्यक्ति बार-बार कह रहा था कि उसे आग लगा दी जाए। इसके बाद उसे गोपनीय कार्यालय ले जाकर पूरे मामले की जानकारी ली गई। बाद में पुलिस ने परिवार को जिला अस्पताल भेज दिया।
पूछताछ में व्यक्ति की पहचान लाल सिंह गंगवार के रूप में हुई, जो अपनी पत्नी और नाबालिग बेटी के साथ डीएम कार्यालय पहुंचा था। लाल सिंह का आरोप है कि उसके पुश्तैनी रास्ते को बंद करा दिया गया है, जिससे उसके घर तक आने-जाने का रास्ता पूरी तरह बाधित हो गया है। उसने आरोप लगाया कि इस मामले में उसने राजस्व विभाग से कई बार शिकायत की, लेकिन कोई प्रभावी कार्रवाई नहीं हुई।
लाल सिंह का कहना है कि लगातार अधिकारियों के चक्कर लगाने और न्याय न मिलने से वह मानसिक रूप से परेशान हो गया था। इसी वजह से उसने परिवार सहित आत्मदाह जैसा कदम उठाने का प्रयास किया।
घटना के बाद पुलिस और प्रशासन ने मामले की जांच शुरू कर दी है। प्रशासन का कहना है कि पीड़ित की शिकायत की जांच कर नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।





