सम्पूर्ण समाधान दिवस में 33 शिकायतें दर्ज, 5 का मौके पर निस्तारण
बिसौली समाधान दिवस में महिला ने ससुरालियों पर लगाया उत्पीड़न का आरोप
जागरण मोर्चा कार्यालय
बिसौली। तहसील परिसर बिसौली में शनिवार को एडीएम (एफआर) की अध्यक्षता में सम्पूर्ण समाधान दिवस का आयोजन किया गया। कांवड़ यात्रा के चलते एसडीएम प्रियंका गोयल व सीओ अंशुमन श्रीवास्तव इस दौरान मौजूद नहीं रह सके। समाधान दिवस में कुल 33 शिकायतें दर्ज की गईं, जिनमें से 5 का मौके पर ही निस्तारण कर दिया गया।
समाधान दिवस में विभिन्न विभागों से संबंधित शिकायतें सामने आईं। ग्राम दबतोरा निवासी शुएव ने बिजली ट्रांसफार्मर से तेल रिसने की समस्या उठाते हुए ट्रांसफार्मर बदलने व सुचारू बिजली आपूर्ति की मांग की। वहीं, कस्बा बिसौली की निवासी राविया सैफी ने इस्लामनगर निवासी अपने पति शहनवाज सैफी, ससुर, सास व ननद समेत अन्य ससुराल पक्ष के लोगों पर दहेज की मांग को लेकर उत्पीड़न करने का गंभीर आरोप लगाया। पीड़िता ने अधिकारियों से मामले में एफआईआर दर्ज कराने की गुहार लगाई।
इसके अलावा ललुआनगला निवासी सचिन ठाकुर ने दबतोरी सिरौली से लक्ष्मीपुर हरदासपुर मार्ग पर बने गहरे गड्ढों को ठीक कराने की मांग की। तहसीलदार सुरेंद्र सिंह ने कांवड़ यात्रा को देखते हुए संबंधित विभागों को निर्देशित किया कि मुख्य मार्गों पर किसी भी प्रकार की बाधा न हो और श्रद्धालुओं को आवागमन में परेशानी न आए। उन्होंने पीडब्ल्यूडी व अन्य विभागीय अधिकारियों को सड़कों की खराब स्थिति से भी अवगत कराया।
तहसीलदार सुरेंद्र सिंह ने बताया कि प्राप्त शिकायतों में से 5 का मौके पर ही समाधान करा दिया गया, जबकि शेष शिकायतों को संबंधित विभागों को शीघ्र निस्तारण के लिए भेजा गया है।





