Home Breaking News खाता ठीक करने के नाम पर एप डाउनलोड कराया, यूपीआई से रकम...

खाता ठीक करने के नाम पर एप डाउनलोड कराया, यूपीआई से रकम निकाली

0
33

खाता ठीक करने के नाम पर एप डाउनलोड कराया, यूपीआई से रकम निकाली

जागरण मोर्चा कार्यालय

बदायूं। साइबर ठगों ने खाता ठीक कराने के नाम पर सीटी स्कैन कर्मचारी को फोन कर अपने जाल में फंसा लिया। ठगों के कहने पर मोबाइल में एप्लीकेशन डाउनलोड करते ही कर्मचारी के यूपीआई खाते से 11 हजार रुपये निकल गए। ठगी का एहसास होने पर पीड़ित ने साइबर थाना पुलिस को प्रार्थना पत्र देकर कार्रवाई की मांग की है।

 

शहर के शिवपुरम निवासी अनुज गुप्ता सीटी स्कैन केंद्र में कर्मचारी हैं। अनुज के अनुसार, उनके मोबाइल पर एक व्यक्ति ने फोन किया और बैंक खाता ठीक करने के नाम पर बातचीत शुरू की। फोन करने वाले ने उन्हें भरोसे में लेते हुए कहा कि खाते को दुरुस्त करने के लिए एक एप्लीकेशन डाउनलोड करनी होगी। उसकी बातों में आकर अनुज ने बताए गए तरीके से एप्लीकेशन अपने मोबाइल में डाउनलोड कर ली।

 

एप्लीकेशन डाउनलोड करने के कुछ ही देर बाद उनके यूपीआई खाते से 11 हजार रुपये की रकम निकल गई। खाते से रुपये कटने का संदेश आने पर उन्हें साइबर ठगी का पता चला। उन्होंने तत्काल संबंधित लेनदेन की जानकारी जुटाई और साइबर थाना पुलिस को प्रार्थना पत्र देकर घटना की शिकायत की।

 

पुलिस से मामले की जांच कर ठगी की रकम वापस दिलाने और आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की गई है। साइबर ठगी की लगातार बढ़ती घटनाओं के बीच पुलिस लोगों को अनजान नंबर से आने वाले फोन पर किसी भी तरह की बैंकिंग जानकारी साझा नहीं करने और बिना जांच-पड़ताल के कोई एप्लीकेशन डाउनलोड नहीं करने की सलाह दे रही है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here