मिशन शक्ति अभियान के तहत महिलाओं और बालिकाओं को किया जागरूक
नगला शर्की मंदिर में पुलिस टीम ने बताईं सुरक्षा योजनाएं, हेल्पलाइन नंबरों की दी जानकारी
जागरण मोर्चा कार्यालय
बदायूं। मिशन शक्ति अभियान फेज-6 के तहत मंगलवार को महिला थाना पुलिस की मिशन शक्ति टीम ने नगला शर्की मंदिर में जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया। मिशन शक्ति प्रभारी उपनिरीक्षक योगेंद्र सिंह के नेतृत्व में टीम ने महिलाओं और बालिकाओं को एकत्रित कर उनकी सुरक्षा, सम्मान, स्वावलंबन और सहायता के लिए सरकार की ओर से संचालित विभिन्न योजनाओं की जानकारी दी।
कार्यक्रम में महिलाओं और बालिकाओं को ऑपरेशन गरुड़, ऑपरेशन शील्ड, ऑपरेशन डेस्ट्राय, ऑपरेशन खोज, ऑपरेशन बचपन, ऑपरेशन मजनू, ऑपरेशन नशामुक्ति, ऑपरेशन रक्षा और ऑपरेशन ईगल के बारे में बताया गया। साथ ही महिला अपराधों की रोकथाम के लिए शक्ति मोबाइल, महिला हेल्प डेस्क, महिला पुलिस बीट अधिकारी, महिला साइबर सेल, महिला रिपोर्टिंग पुलिस चौकी परामर्श केंद्र और पिंक बूथ जैसी व्यवस्थाओं की जानकारी दी गई।
पुलिस टीम ने महिलाओं को मुख्यमंत्री कन्या सुमंगला योजना, निराश्रित महिला पेंशन योजना, मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह योजना, सुकन्या समृद्धि योजना, बेटी बचाओ-बेटी पढ़ाओ, प्रधानमंत्री उज्ज्वला योजना, प्रधानमंत्री मातृ वंदना योजना, आयुष्मान कार्ड, प्रधानमंत्री आवास योजना, निशुल्क बालिका शिक्षा योजना और प्रधानमंत्री कौशल विकास योजना सहित अन्य सरकारी योजनाओं के बारे में जागरूक किया। महिलाओं को इन योजनाओं का लाभ उठाकर आत्मनिर्भर बनने के लिए प्रेरित किया गया।
आपात स्थिति में इन नंबरों पर करें कॉल
महिलाओं और बालिकाओं को तत्काल सहायता के लिए हेल्पलाइन नंबरों की जानकारी भी दी गई। पुलिस सहायता के लिए 112, अग्निशमन सेवा के लिए 101, एंबुलेंस के लिए 108, महिला हेल्पलाइन के लिए 181, साइबर अपराध की शिकायत के लिए 1930, चाइल्ड हेल्पलाइन के लिए 1098 और मुख्यमंत्री हेल्पलाइन के लिए 1076 नंबर की जानकारी दी गई।
वहीं, महिला थाना स्थित मिशन शक्ति केंद्र की ओर से मंगलवार को थाने में सफाई अभियान चलाया गया। थाने को आकर्षक ढंग से सजाया गया। यहां आने वाली महिलाओं को भी मिशन शक्ति अभियान के उद्देश्य, सुरक्षा संबंधी उपायों और सहायता सेवाओं के प्रति जागरूक किया गया।






