रक्षाबंधन पर मातृशक्ति को निशुल्क बस यात्रा का तोहफा
60 वर्ष से अधिक आयु की महिलाओं को आजीवन मुफ्त बस यात्रा की सुविधा
जागरण मोर्चा कार्यालय
बदायूं। रक्षाबंधन के अवसर पर प्रदेश सरकार ने मातृशक्ति को निशुल्क बस यात्रा का तोहफा दिया है। बुधवार को परिवहन विभाग की ओर से आयोजित कार्यक्रम में उत्तर प्रदेश सरकार के पशुधन एवं दुग्ध विकास मंत्री धर्मपाल सिंह मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए। कार्यक्रम का सजीव प्रसारण अध्याय परिसर स्थित ऑडिटोरियम में किया गया। कार्यक्रम स्थल पर पहुंचने पर मंत्री को गार्ड ऑफ ऑनर दिया गया।
कार्यक्रम का शुभारंभ मां सरस्वती की प्रतिमा के समक्ष दीप प्रज्वलित कर किया गया। इस दौरान स्कूली छात्राओं ने सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत कर सभी का मन मोह लिया। प्रभारी मंत्री ने विभिन्न विभागों की ओर से लगाए गए जनकल्याणकारी योजनाओं के स्टॉलों का निरीक्षण किया। उन्होंने गर्भवती महिलाओं की गोद भराई और नवजात शिशुओं का अन्नप्राशन संस्कार भी कराया। कार्यक्रम में पहुंची महिलाओं को साड़ी और मिठाई वितरित की गई।
मंत्री धर्मपाल सिंह ने रक्षाबंधन की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने रक्षाबंधन से एक दिन पहले से एक दिन बाद तक माताओं-बहनों के लिए रोडवेज बसों में निशुल्क यात्रा की व्यवस्था की है। इसके साथ ही 60 वर्ष से अधिक आयु की महिलाओं के लिए आजीवन निशुल्क बस यात्रा की सुविधा दी गई है। उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार समाज के प्रत्येक वर्ग के कल्याण के लिए योजनाएं चला रही है। मातृशक्ति का सम्मान बढ़ाना और उनकी सुरक्षा सुनिश्चित करना सरकार की प्राथमिकता है।
सदर विधायक महेश चंद्र गुप्ता ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने रक्षाबंधन पर मातृशक्ति को तीन दिन की निशुल्क बस यात्रा का उपहार दिया है। वहीं 60 वर्ष से अधिक आयु की महिलाओं के लिए आजीवन निशुल्क यात्रा का प्रावधान किया गया है।
भाजपा जिलाध्यक्ष राजीव कुमार गुप्ता ने कहा कि सरकार महिलाओं के सम्मान और सशक्तीकरण के लिए लगातार कार्य कर रही है। इस अवसर पर जिलाधिकारी अवनीश राय, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक अंकिता शर्मा, अपर जिलाधिकारी प्रशासन अरुण कुमार, जिला पंचायत अध्यक्ष वर्षा सिंह, एमएलसी प्रतिनिधि शरदेंदु पाठक समेत पार्टी पदाधिकारी, अधिकारी और कर्मचारी मौजूद रहे। कार्यक्रम का संचालन समाज कल्याण विभाग के महाराज सिंह ने किया।





