राष्ट्रीय लोक अदालत में 56,425 वादों का निस्तारण
5.40 करोड़ रुपये की धनराशि वसूल, मोटर दुर्घटना के 86 मामलों में पीड़ितों को 5.20 करोड़ की क्षतिपूर्ति
जागरण मोर्चा कार्यालय
बदायूं। राष्ट्रीय विधिक सेवा प्राधिकरण नई दिल्ली एवं उत्तर प्रदेश राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण लखनऊ के निर्देश पर शनिवार को जनपद में राष्ट्रीय लोक अदालत का आयोजन किया गया। जिला विधिक सेवा प्राधिकरण की ओर से आयोजित लोक अदालत का शुभारंभ प्रभारी जनपद न्यायाधीश एवं अध्यक्ष जिला विधिक सेवा प्राधिकरण सुश्री रिन्कू ने जनपद न्यायालय परिसर में मां सरस्वती की प्रतिमा पर पुष्पांजलि अर्पित कर एवं दीप प्रज्ज्वलित कर किया।
प्रभारी जनपद न्यायाधीश ने कहा कि राष्ट्रीय लोक अदालत आपसी समझौते के आधार पर सस्ता, सुलभ और त्वरित न्याय उपलब्ध कराने का प्रभावी माध्यम है। उन्होंने न्यायिक अधिकारियों एवं बैंक अधिकारियों से अधिक से अधिक मामलों का निस्तारण कराने की अपील की।
लोक अदालत में कुटुंब न्यायालय द्वारा आपसी समझौते के आधार पर 102 पारिवारिक विवादों का निस्तारण किया गया। मोटर दुर्घटना दावा अधिकरण ने 86 प्रतिकर याचिकाओं का निस्तारण करते हुए पीड़ितों को 5,20,81,800 रुपये की क्षतिपूर्ति दिलाई। उपभोक्ता फोरम में चार वादों का निस्तारण कर 19,46,496 रुपये की क्षतिपूर्ति दिलाई गई। स्थायी लोक अदालत में दो मामलों का निस्तारण हुआ। मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट द्वारा करीब 1,954 मामलों का निस्तारण किया गया।
प्री-लिटिगेशन के करीब 46,617 मामलों तथा न्यायालयों में लंबित फौजदारी एवं सिविल के करीब 7,854 वादों का निस्तारण हुआ। इस प्रकार कुल 56,425 मामलों का निस्तारण करते हुए करीब 5,40,35,895 रुपये की धनराशि वसूल की गई।
प्रभारी सचिव जिला विधिक सेवा प्राधिकरण अंकित रस्तोगी ने बताया कि लोक अदालत में आपराधिक शमनीय वाद, एनआई एक्ट की धारा 138, मोटर दुर्घटना, वैवाहिक विवाद, श्रम, भूमि अधिग्रहण, किरायेदारी, यातायात चालान, राजस्व, विद्युत बिल और बैंक संबंधी मामलों का निस्तारण कराया गया। न्यायिक अधिकारियों, कर्मचारियों, पराविधिक स्वयंसेवकों और बैंक अधिकारियों के सहयोग से लोक अदालत सफल रही।




