शहर में अंडरग्राउंड फॉल्ट लोकेशन मशीन का शुभारंभ, दूर होंगे बिजली के फॉल्ट
जागरण मोर्चा कार्यालय
बदायूं। शहर में अंडरग्राउंड विद्युत केबलों में आने वाले फॉल्ट का सटीक स्थान पता लगाने के लिए शनिवार को आधुनिक अंडरग्राउंड फॉल्ट लोकेशन मशीन का शुभारंभ किया गया। शहर विधायक महेश चंद्र गुप्ता ने मशीन का शुभारंभ करते हुए कहा कि इससे बिजली आपूर्ति बाधित होने पर फॉल्ट का सही स्थान तुरंत चिन्हित किया जा सकेगा और मरम्मत में लगने वाला समय काफी कम हो जाएगा। इससे उपभोक्ताओं को लंबे समय तक बिजली कटौती की समस्या से राहत मिलेगी।
कार्यक्रम में अधीक्षण अभियंता विद्युत वितरण मंडल अजय कुमार ने बताया कि अब तक अंडरग्राउंड केबलों में फॉल्ट का सटीक स्थान खोजने में काफी समय लगता था। कई बार पूरी लाइन की जांच करनी पड़ती थी, जिससे विद्युत आपूर्ति बहाल होने में विलंब होता था। नई मशीन के माध्यम से फॉल्ट का सटीक बिंदु (एक्जैक्ट प्वाइंट) आसानी से पता लगाया जा सकेगा, जिससे मरम्मत कार्य तेजी से पूरा होगा।
उन्होंने बताया कि इस कार्य के लिए विद्युत विभाग ने एम/एस दुर्गेश चंदेल तथा एम/एस राहत एंड ब्रदर्स को टेंडर दिया है। दोनों फर्में अंडरग्राउंड केबलों में आने वाले फॉल्ट का सटीक स्थान चिन्हित कर शीघ्र मरम्मत सुनिश्चित करेंगी। इससे शहर में बिजली आपूर्ति बाधित होने की स्थिति में कम समय में व्यवस्था सामान्य हो सकेगी।
शहर विधायक महेश चंद्र गुप्ता ने कहा कि बदायूं शहर में बेहतर विद्युत व्यवस्था उपलब्ध कराना उनकी प्राथमिकताओं में शामिल है। आधुनिक तकनीक के उपयोग से बिजली व्यवस्था और अधिक मजबूत होगी तथा उपभोक्ताओं को निर्बाध एवं गुणवत्तापूर्ण बिजली आपूर्ति का लाभ मिलेगा। उन्होंने उम्मीद जताई कि इस मशीन के संचालन से बिजली विभाग की कार्यक्षमता बढ़ेगी और लोगों की शिकायतों का त्वरित समाधान संभव होगा।
कार्यक्रम में डीसीबी चेयरमैन जितेंद्र कुमार सक्सेना, वरिष्ठ भाजपा नेता जेपी सोलंकी, एसडीओ पनवड़िया अरविंद कुमार, जेई कार्यशाला कफील अहमद सहित विद्युत विभाग के अधिकारी एवं कर्मचारी मौजूद रहे। उपस्थित लोगों ने इस पहल को शहर की विद्युत व्यवस्था को आधुनिक बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम बताया।





